ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 70 मुकदमों में 106 अपराधियों को सख्त सजा

जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा संचालित ऑपरेशन कन्विक्शन (नवम्बर 2025) के अंतर्गत न्यायिक प्रक्रिया को तेज़ गति देते हुए कुल 70 अभियोगों में 106 दोषियों को सजा दिलाई गई है। इन मामलों में महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, हत्या, दुष्कर्म, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्थिक अपराध जैसे अत्यंत गंभीर अपराध शामिल हैं।
न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध अपराधियों को 10 वर्ष से अधिक के कठोर कारावास से लेकर आजीवन कारावास तक की कड़ी सजाएं सुनाई गई हैं। यह कार्रवाई महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
यह अभियान मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों पर, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के मार्गदर्शन में तथा पुलिस आयुक्त लखनऊ अमरेंद्र कुमार सेंगर के नेतृत्व में संचालित किया गया। इसमें संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी अपराध, एडीसीपी अपराध एवं महिला एवं अपराध शाखा की महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सफलता तेज विवेचना, मजबूत साक्ष्य, प्रभावी पैरवी और निरंतर मॉनिटरिंग का प्रतिफल है। यह अभियान महिला सुरक्षा, पॉक्सो अपराधों एवं जघन्य वारदातों के विरुद्ध सरकार और पुलिस की Zero Tolerance नीति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऑपरेशन कन्विक्शन के माध्यम से अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
