18 जनवरी से चलेगी नई सवारी गाड़ी। छोटे-बडे सभी स्टेशनों पर होगा ठहराव।
अजय कुमार मिश्र ब्यूरो (कुशीनगर)
कुशीनगर:- कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर 18 जनवरी से 05189 व 05190 कप्तानगंज-थावे सवारी गाड़ी का संचालन शुरू किया जाएगा, जिसका ठहराव सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर होगा। पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से इस ट्रेन के संचालन की मंजूरी देते हुए समय सारिणी की घोषणा भी कर दी गई है। बेशक! ट्रेन का संचालन शुरू होने से यूपी-बिहार के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। गौरतलब है कि कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर सुबह जिला मुख्यालय पडरौना तक आने-जाने के लिए कोई ट्रेन अभी तक नहीं है जिसके वजह से जिला मुख्यालय पडरौना तक आने के लिए तमकुहीरोड और कप्तानगंज क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर यहा आम जनमानस सुबह कार्यालय खुलने के समय पर पडरौना पहुंचने के लिए एक ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने 18 जनवरी से थावे-कप्तानगंज रेल मार्ग पर 05189 व 05190 पैसेंजर ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन के लिए घोषित समय सारिणी के अनुसार 05189 ट्रेन थावे से रोजाना सुबह 5.30 बजे से चल कर 6 बजकर 23 मिनट पर तमकुहीरोड पहुंचेगी। इसके बाद 7 बजकर 1 मिनट पर पडरौना, 7 बजकर 13 मिनट पर बड़हरागंज, 7 बजकर 23 मिनट पर रामकोला, 7 बजकर 51 मिनट पर लक्ष्मीगंज और 8 बजे कप्तानगंज पहुंचेगी। इसके बाद यही ट्रेन नंबर 05190 बनकर कप्तानगंज से सुबह में 8 बजकर 30 मिनट पर चल कर सभी छोटे- बडे स्टेशनो पर रुकते हुए 9 बजकर 18 मिनट पडरौना, 9 बजकर 56 मिनट पर तमकुहीरोड होते हुए बिहार की तरफ आगे बढेगी। इस नई ट्रेन की मंजूरी मिलने पर पडरौना, तमकुही सहित अन्य क्षेत्रों के नागरिकों ने खुशी जताते हुए कहा कि इस ट्रेन के चलने से सुबह में बिहार से यूपी की यात्रा आसान हो जाएगी। इस संबंध में एनईआर वाराणसी मंडल के जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार का कहना है कि कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर सुबह कार्यालय के समय पर ट्रेन संचालन के लिए लोग काफी समय से मांग कर रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 18 जनवरी से नियमित समय सारिणी के अनुसार चलेगी।
