एडीजी जोन का प्रयास रंग लाया, कैमरा लगाने के लिए कंपनियों ने दिए बड़े आफर।
दामोदर उपाध्याय ब्यूरो चीफ गोरखपुर।
गोरखपुर:- अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन के निर्देश पर जनसुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों के महत्व को देखते हुए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के द्वितीय चरण “हर घर कैमरा” के प्रति गोरखपुर की जनता ने काफी उत्साह दिखाया है और “हर घर कैमरा” अभियान प्रारंभ होने से अब तक गोरखपुर शहर में 12013 “त्रिनेत्र मित्र” का पंजीकरण किया जा चुका है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे के महत्व को समझते हुए गोरखपुर में ज्यादा- से ज्यादा लोगों ने अपने घरों / दुकानों / संस्थानों/प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने में अपनी रुचि दिखाना प्रारंभ कर दिया है। जनहित में अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन अखिल कुमार द्वारा निजी कंपनियों से अनुरोध किया गया था कि वे भी इस अभियान में अपनी सहभागिता करें और प्रोत्साहन स्वरूप कीमतों में ऑफर की घोषणा करने पर विचार करें। जिसके पश्चात विभिन्न कंपनियों द्वारा गोरखपुर में अपनी टीमें भेजकर सर्वे कराया गया और “त्रिनेत्र अभियान” की लोकप्रियता को देखते हुए विभिन्न कैमरा कंपनियों ने भी इस अवसर पर शहरवासियों के लिए इस अभियान के तहत कैमरे लगाने के लिए विशेष ऑफर देना प्रारंभ कर दिया है। सीपी प्लस और दहुआ कंपनियों द्वारा इस अभियान के लिए विभिन्न प्रकार के कैमरों पर आफर दिए गए हैं। दोनों कंपनियों ने ये ऑफर आगामी 31 जनवरी तक के लिए घोषित किये हैं, जो केवल गोरखपुर के निवासियों के लिए है। कैमरा कंपनियों द्वारा घोषित किए गए इन प्रस्तावों पर अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन अखिल कुमार ने धन्यवाद देते हुए कहा कि अन्य और कैमरा कंपनियों से भी अपील की गई है कि वे भी जनता की सुरक्षा से जुड़े इस अभियान में अपना योगदान देते हुए अपने कैमरों पर भी विशेष ऑफर की घोषणा करें, साथ ही यह उम्मीद व्यक्त की है कि कंपनियों द्वारा दिए जा रहे इन ऑफर का लाभ लेते हुए नई ऊर्जा और उत्साह के साथ गोरखपुर के जागरूक नागरिक अपने घरों/दुकानों/ संस्थानों/प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे और अपने घर को सुरक्षित रखने के साथ-साथ शहर में भी सुरक्षा का एक बेहतर माहौल विकसित करने में अपना योगदान देंगें।
