News

नगर निगम जोन-8 में डीजल चोरी का आरोप, हर सप्ताह करीब 10 लाख रुपये के कथित खेल का दावा

नगर निगम जोन-8 में डीजल चोरी का आरोप, हर सप्ताह करीब 10 लाख रुपये के कथित खेल का दावा

जीत नारायण

लखनऊ। नगर निगम के जोन-8 में सरकारी वाहनों के डीजल की चोरी कर निजी लोगों को बेचने का गंभीर आरोप सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, आशियाना थाना क्षेत्र की किला चौकी के अंतर्गत ओवरब्रिज के नीचे कथित तौर पर सरकारी डीजल की अवैध बिक्री का खेल चल रहा है। इस पूरे मामले में कुछ संविदा कर्मियों के साथ अधिकारियों की मिलीभगत होने की आशंका भी जताई जा रही है।

सूत्रों का दावा है कि जोन-8 में हर सप्ताह करीब 10 लाख रुपये का डीजल कथित तौर पर चोरी कर निजी लोगों को बेचा जा रहा है। आरोप है कि इस डीजल के वितरण और बिक्री का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नगर निगम के पास नहीं है, जिससे सरकारी ईंधन के हिसाब-किताब पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इस कथित खेल में ज्यादातर संविदा कर्मी शामिल हैं, जबकि कुछ अधिकारी पर्दे के पीछे से पूरे मामले को संचालित कराने की भूमिका में होने का आरोप है। सूत्रों के मुताबिक, कथित तौर पर चोरी के डीजल से होने वाली कमाई में हिस्सेदारी का खेल भी चल रहा है।

नगर निगम लखनऊ में कुल आठ जोन हैं। सूत्रों के दावे के अनुसार, यदि एक जोन में ही हर सप्ताह करीब 10 लाख रुपये के डीजल का कथित खेल हो रहा है, तो आठों जोनों के स्तर पर निगरानी और ईंधन वितरण व्यवस्था की जांच को लेकर गंभीर सवाल उठ सकते हैं।

सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप बेहद गंभीर हैं। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन डीजल वितरण के रिकॉर्ड, वाहनों की लॉगबुक, ईंधन खपत और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराकर इस कथित खेल का पर्दाफाश करता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *