जागो सरकार, मजदूर आपके द्वार के नारे के साथ एक बड़ी रैली करेगा भारतीय मजदूर संघ

भारतीय मजदूर संघ 27 सितंबर को लखनऊ के ईको गार्डेन में करेगा एक बड़ी रैली।

जीत नारायण

लखनऊ:- संगठित व असंगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति उदासीन सरकार को जगाने के लिए भारतीय मजदूर संघ 27 सितंबर को लखनऊ के ईको गार्डेन में ‘जागो सरकार-मजदूर आपके द्वार’ के नारे के साथ एक बड़ी रैली करेगा। रैली में आशा, आंगनबाड़ी, एनएचएम, रोडवेज, विद्युत, बैंक, बीमा, रेल, कृषि मजदूर, स्वायतशासी, सार्वजनिक क्षेत्र, प्रतिरक्षा, पोस्टल, बीएसएनएल समेत विभिन्न विभागों के नियमित, संविदा व आउटसोर्सिंग के करीब एक लाख कर्मचारी शामिल होंगे। यह जानकारी भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय ने कैसरबाग स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।

महामंत्री ने बताया कि विभिन्न विभागों में कार्यरत नियमित, संविदा व आउटसोर्सिंग के लाखों कर्मचारियों की समस्याएं बहुत समय से लंबित पड़ी हैं। संगठन ने कई बार इन कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार के सामने रखी। लेकिन समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाया है। सभी विभागों में बड़ी संख्या में संविदा व आउटसोर्सिंग के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनकी कोई नियमावली न होने की वजह से इन कर्मचारियों को कभी भी नौकरी से निकाल दिया जाता है और न ही उनको पूरा वेतन दिया जाता है। सामाजिक सुरक्षा भी नहीं है। यह सभी सुविधाएं प्रदान की जाये। अनिल उपाध्याय ने कहा कि सरकार न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) की समीक्षा करने के साथ पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करे। जिससे कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हो सके। साथ ही आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निश्चित मानदेय के साथ सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाये। महामंत्री ने कहा कि एनएचएम के संविदा कर्मियों के वेतन में बढ़ोत्तरी, 50 फीसदी नियमित पदों पर नियुक्ति अनिवार्य हो तथा कोविड कर्मकारों का समायोजन किया जाये। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष विश्वेश्वर राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के पूर्व आदेशों का अनुपालन हो, मृतक आश्रितों की नियुक्ति, सभी संविदा कर्मियों का नियमितिकरण, यात्री टैक्स में समानता एवं राज्य कर्मियों के अनुरूप महंगाई भत्ता दिया जाये। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ऊर्जा विभाग के नियमित निलंबित विद्युत कर्मचारियों को अभी तक बहाल नहीं किया गया है। बिजली विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण करके बर्खास्त संविदा कर्मियों को पुनः बहाल किया जाये। कहा कि 108, 102 एंबुलेंस के बर्खास्त कर्मचारियों को जल्द बहाल किया जाये तथा एस्मा और झूठे मुकदमे वापस किये जाये। प्रेसवार्ता में संगठन मंत्री रामनिवास सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री श्रीकांत अवस्थी, प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता कुसुम मिश्रा, प्रदेश मंत्री सुरेश यादव, प्रदेश कार्यालय मंत्री संजय प्रताप सिंह, विभाग प्रमुख सुशील श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष, मिथिलेश शुक्ला, जिलामंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, एनएचएम प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *