सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर किया निगमायुक्त कार्यालय का घेराव

संतोष कुमार यादव

गुरुग्राम। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को सेक्टर-34 स्थित गुरुग्राम के निगमायुक्त कार्यालय का घेराव करके धरना-प्रदर्शन किया। संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री की अध्यक्षता में काफी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल हुए। संघ के नेताओं का कहना था कि घेराव की सूचना के बाद निगमायुक्त पीसी मीणा अपने कार्यालय से नदारद रहे, वहीं अन्य निगम प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यालय में मौजूद नहीं रहे। नाराज सफाई कर्मचारियों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलन में गुरुग्राम के साथ ही फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी व झज्जर के कर्मचारी शामिल हुए। प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि सरकार की नई आर्थिक व उदारीकरण की नीतियों ने मजदूर कर्मचारी किसान का जीवन बर्बाद और तबाह कर दिया है। उन्होंने आंदोलन को तेज करने की घोषणा करते हुए कहा कि अब कर्मचारी तीन नवंबर को अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन की आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में चेतावनी रैली करेंगे। इस रैली में निजीकरण, छटनी, रिक्त पदों पर पक्की भर्ती, पुरानी पेंशन की बहाली जैसी महत्वपूर्ण मांगों को मंच से को उठाया जाएगा। पांच नवंबर को गुरुग्राम के सांसद व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के आवास पर और आठ नवंबर को मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव के आवास पर प्रदर्शन करके छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को बहाल करने की मांग की जाएगी।
10 नवंबर को स्थानीय विधायक सुधीर सिंगला, 14 नवंबर को राकेश दौलताबाद और 17 नवंबर को निगमायुक्त का पुतला फूंका जाएगा। नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि संघ के राज्य स्तरीय आंदोलन के तहत प्रदेश के सभी 60 पालिकाओं, 22 नगर परिषदों, 11 निगमों और 89 अग्निशमन केंद्रों के कर्मचारी मांगों को लेकर व छटनी ग्रस्त कर्मचारियों की बहाली के लिए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के हिसार स्थित आवास का घेराव करेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *