नाका क्षेत्र में नए कानूनों पर जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

चारबाग चौकी प्रभारी विश्वजीत सिंह व बशीरतगंज बीट प्रभारी अजीत राय की पहल
जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)
लखनऊ। नाका थाना क्षेत्र में शनिवार को “नए कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान 2.0” के तहत झंडेवाला चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चारबाग चौकी प्रभारी विश्वजीत सिंह और बशीरतगंज बीट प्रभारी अजीत राय ने किया।
इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की जानकारी सरल एवं सुलभ तरीके से उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में नंदा आर्टिस्ट ग्रुप लखनऊ की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें हास्य और व्यंग्य के माध्यम से नागरिकों को नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई। कलाकारों ने संदेश दिया कि कानून की जानकारी हर व्यक्ति के अधिकार एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता के लिए आवश्यक है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में कानूनी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही चारबाग चौकी प्रभारी विश्वजीत सिंह को इस जागरूकता कार्यक्रम का नोडल प्रभारी नामित किया गया है।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक अमजद अली, उपनिरीक्षक धीरज गुप्ता, सहयोगी अभिषेक त्रिपाठी, कांस्टेबल सुधीर यादव सहित पुलिस बल और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
