गुरुग्राम में चला निगम का सफाई अभियान

संतोष कुमार यादव
गुड़गांव: नियमित व निगम रोल के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने में नगर निगम जुटा हुआ है। इसके तहत आरडब्ल्यूए, पूर्व पार्षदों व जागरूक नागरिकों का सहयोग लिया जा रहा है तथा उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली व मैनपावर सहित अन्य सफाई संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा इसके लिए 300 कर्मचारी की नई मैनपावर लगाई गई है तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य सफाई संसाधन हायर किए गए हैं।
नगर निगम गुरूग्राम के संयुक्त आयुक्त (स्वच्छ भारत मिशन) डा. नरेश कुमार ने बताया कि नगर निगम गुरूग्राम द्वारा 7 एजेंसियों को सफाई का जिम्मा सौंपा हुआ है तथा एजेंसियों को अलग-अलग क्षेत्र अलॉट किए हुए हैं। एजेंसियां अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त कर रही हैं। जिन क्षेत्रों में काम करने वाले नियमित व निगम रोल कर्मचारी हड़ताल पर हैं, वहां पर स्वच्छता शाखा के अधिकारीगण स्वयं कचरा उठान सुनिश्चित करवा रहे हैं। कई क्षेत्रों में आरडब्ल्यूए, निगम पार्षदों व वरिष्ठ नागरिकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली व मैनपावर सहित अन्य सफाई संसाधन मुहैया करवाए गए हैं, ताकि उन क्षेत्रों की सफाई पूर्व पार्षदों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों व वरिष्ठ नागरिकों के मार्गदर्शन व सहयोग से सुनिश्चित की जा सके। जो पूर्व पार्षद, आरडब्ल्यूए व वरिष्ठ नागरिक अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने में सहयोग के इच्छुक हैं, वे नगर निगम गुरूग्राम के संयुक्त आयुक्त (स्वच्छ भारत मिशन) के कार्यालय व वरिष्ठ सफाई निरीक्षक ऋषि मलिक से संपर्क करें।
संयुक्त आयुक्त ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर शहर में सफाई व्यवस्था को अब आगे खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने शहर के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों से आह्वान किया कि वे सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने में सहयोग के लिए आगे आएं। नगर निगम गुरूग्राम उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली व मैनपावर सहित अन्य सफाई संसाधन मुहैया करवाएगा। नियमित व पक्के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का कोई औचित्य नहीं है तथा वे बेवजह हड़ताल पर बैठे हुए हैं। हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे किसी के बहकावे में ना आएं तथा काम पर लौटें क्योंकि काम पर नहीं लौटने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की तैयारी कर ली गई है।
