बॉर्डर सील किसानों के दिल्ली कूंच के बाद गुड़गांव में लगा लम्बा जाम

बॉर्डर सील किसानों के दिल्ली कूंच के बाद गुड़गांव में लगा लम्बा जाम

संवाददाता – सन्तोष कुमार यादव 

गुड़गांव :- किसानों की अपनी मांगों को लेकर पंजाब से दिल्ली कूंच कर रहे किसानों ने दिल्ली एनसीआर को हिला दिया है। किसानों के दिल्ली कूंच के बाद अब हरियाणा उत्तर प्रदेश से लगने वाली दिल्ली की सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। हालांकि गुड़गांव की तरफ से वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने एहतियाद के तौर पर सरहौल-एमजी रोड सहित गुड़गांव के ग्रामीण क्षेत्र से दिल्ली को जोड़ने वाली सीमा पर नाकाबंदी करते हुए सर्विस रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया है। मुख्य सड़क पर भारी पुलिसबल तैनात है ताकि किसी भी रूट से किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोका जा सके। गुड़गांव के सरहौल, कापसहेड़ा और एमजी रोड बॉर्डर को सील व नाकाबंदी करने के कारण पूरा गुड़गांव जाम हो गया है। ड्यूटी के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों के वाहनों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। जांच के उपरांत ही वाहनों को दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है। नाकाबंदी के कारण गुड़गांव के वाहनों की कतार करीब एक किलोमीटर तक पहुंच गई है जोकि समय के साथ-साथ बढ़ती जा रही है। यहां वाहन चालक जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं। आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं की बैठक भी बेनतीजा रही है। किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच MSP गारंटी कानून और कर्ज माफी पर सहमति नहीं बनी जिसके बाद किसान मजदूर मोर्चा के संयोजक सरवण सिंह पंधेर ने ऐलान कर दिया कि दिल्ली कूंच होगा। उन्होंने किसानों को पंजाब-हरियाणा के शंभू, खनौरी और डबवाली बॉर्डर पर एकत्र होने के लिए कहा था जहां से दिल्ली की तरफ रुख करना था। आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मंडा ने कहा कि बातचीत के माध्यम से सब बातों का हल निकालना चाहिए, लेकिन कुछ मामलों में कमेटी बनाने की जरूरत है। हालांकि मीटिंग के दौरान किसानों और युवाओं पर दर्ज केसों को वापस लेने, लखीमपुर खीरी घटना के मृत किसानों के परिवारों को मुआवजे पर सहमति बनी है। आपको बता दें कि किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली सहित गुड़गांव पुलिस पहले ही अलर्ट हो गई थी। दिल्ली पुलिस ने सोमवार शाम से ही दिल्ली-हरियाणा की सभी सीमा को सील करना शुरू कर दिया था। देर रात तक इसे सील करने के बाद आज सुबह जब लोग अपने कार्यालय जाने के लिए निकले तो उन्हें भारी जाम का सामना करना पड़ा। दिल्ली पुलिस ने बॉर्डर पर बेरिकेड करने के साथ ही उसे कटीली तारों से बांध दिया था ताकि कोई भी किसान बेरिकेड कूदकर भी दिल्ली में प्रवेश न कर सके। इन सभी का खामियाजा आम जनता व नौकरीपेशा वर्ग को परेशान होकर भुगतना पड़ रहा है। लोगों की मानें तो वह इस जाम के कारण अपने कार्यालय में निर्धारित समय से डेढ़ से दो घंटे तक देरी से पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *