फर्जीवाड़ा: दूसरों की जमीन को अपना बताकर बैंक से लाखों का गोलमाल।
मोहम्मद शरीफ संवाददाता (संडीला)
हरदोई:- नटवरलाल के तमाम किस्से सुनने को मिलते रहें हैं। उसी तरह का मामला सामने आया है, जिसमें एक शख्स ने दूसरों की ज़मीनों के अभिलेखों में फर्ज़ीवाड़ा कर बैंक से लोन निकाल लिया। हैरत की बात तो यह है कि लोन देते वक्त बैंक ने कोई छानबीन नहीं की,वरना उसके साथ इतना बड़ा धोखा नहीं होता। इतना सब होने के बाद पुलिस ने राजनैतिक दखल के चलते जब कोई सुनवाई नहीं की,तो सारी बात अदालत में रखी गई। तब कहीं अदालत के आदेश पर पुलिस ने उस नटवरलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि सण्डीला कोतवाली के करुआखेड़ा मजरा भिठौली निवासी शमीम पुत्र अब्बास ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसके पिता ने अपने हिस्से की ज़मीन गाटा संख्या 584 गिरवी रख कर आर्यावर्त बैंक शाखा मल्हेरा से लोन लिया था। उसी सिलसिले में जब वह बैंक पहुंचा तो उसे बताया गया कि इस गाटा संख्या पर पहले ही लोन लिया जा चुका है। शमीम ने पड़ताल की तो पता चला कि भिठौली निवासी चेतराम पुत्र मोहनलाल ने ज़मीन के अभिलेखों में फर्ज़ीवाड़ा कर लोन ले लिया। उसने ऐसा एक के साथ नहीं बल्कि गांव के अमित सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह के गाटा संख्या 381, रामदास पुत्र जंगबहादुर के गाटा संख्या 585, सुखदेव पुत्र बदलू के गाटा संख्या 588 और ग्राम पंचायत के गाटा संख्या 582 के अभिलेखों में फर्ज़ीवाड़ा कर बैंक को चूना लगा गया। उसने इस तरह का फर्ज़ीवाड़ा किए जाने की पुलिस से शिकायत की तो राजनैतिक दखल के चलते कहीं कोई भी सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद शमीम ने अदालत का दरवाज़ा खटखटाया। जिस पर पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद शमीम की तहरीर पर चेतराम के खिलाफ धारा 419/420/467/468/471 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई धर्मेन्द्र गिरि को सौंपी गई है।
