वाहन चोरी के मामले में चार गिरफ्तार।
वाहन चोरी के मामले में चार गिरफ्तार।

सन्तोष कुमार यादव
गुड़गांव:- सेक्टर-9ए थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुपहिया वाहनों को चोरी कर उन्हें सुनसान जगह पर खड़ा कर देते थे और उसे बेचने के लिए ग्राहक ढूंढते थे। पुलिस ने आरोपियों से छह बाइक और दो स्कूटी बरामद की हैं। आरोपियों पर पहले भी चोरी और लूट सहित कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दरअसल, सेक्टर-9ए थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की बाइक लेकर इलाके में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर बिना नंबर की बाइक सहित दो युवकों को काबू किया। जिनकी पहचान सुमित उर्फ कालू और मनीष राघव उर्फ बोना के रूप में हुई। आरोपियों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के बारे में खुलासा किया। जिसके बाद पुलिस ने पंकज व अमरजीत उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने दो स्कूटी व छह बाइकें बरामद की हैं।
आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वे चोरी की बाईक और स्कूटी को चोरी करने के बाद दूर कहीं सुनसान जगह ले जाकर खड़ा कर देते थे और उन्हें कबाड़ी अथवा ऐसे व्यक्ति को सस्ते दाम पर बेच देते थे जो इनसे ज्यादा पूछताछ न करे। किसी को शक न हो इसके लिए यह कई बार चोरी के वाहनों को सडक़ किनारे भी खड़ा कर देते थे।
एसीपी क्राईम वरुण दहिया ने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जिनमें से आरोपी मनीष राघव को जमानत पर छोड़ा गया और तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत रिमाण्ड पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगा है कि इन आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह स्नेचिंग की वारदातों में तो शामिल नहीं है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
