घर से शौच के लिए गई मासूम बालिका पर धारदार हथियार से हुआ हमला, हालत गंभीर।

बृजेश पांडे
गोण्डा। इटियाथोक थाना क्षेत्र के दुल्हापुर पहाड़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। शौच के लिए गई नाबालिक लड़की पर पड़ोस गांव के रहने वाले सिरफिरे युवक ने बांके से ताबड़तोड़ प्रहार कर मरणासन्न कर दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ बच्ची को गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस से इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने बच्ची की हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुल्हापुर पहाड़ी के मजरा मोफिया निवासी मोहीउद्दीन ने बताया कि बीते मंगलवार को सुबह 8 बजे के करीब मेरी नातिन दो अन्य बच्चों के साथ गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। यहां पहले से घात लगाए बैठे नीरज अवस्थी ने बच्चों को पकड़ने के लिए दौड़ाया दो बच्चे किसी तरह उसके चंगुल से छूट कर भाग खड़े हुए। वहीं उसकी नातिन को उसने पकड़ लिया और आम के पेड़ के नीचे ले जाकर बांके से उसके चेहरे पर कई प्रहार किए तथा उसकी दोनों आंखें निकाल ली। इसके बाद बांके को सरसो के खेत में फेंक कर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना से गांव में सन्नाटा छाया हुआ है, परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया है कि आरोपी युवक को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची के चाचा जहीर अली की तहरीर पर हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। सूत्रों के मुताबिक जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय रास्ते मे मासूम बच्ची की मृत्यु हो गई।
