मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी को माल पुलिस ने धर दबोचा

अभिषेक कुमार विशेष संवाददाता
लखनऊ:- थाना माल की पुलिस टीम ने मोबाइल चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी का एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया है। आपको बता दें माल थाना क्षेत्र अंर्तगत मड़वाना गांव निवासी सर्वेश पुत्र शिवनाथ ने बीते बुधवार को थाना माल पर एक लिखित तहरीर देकर वीवो एंड्रॉयड मोबाइल चोरी करने वाले अज्ञात व्यक्ति पर धारा 379 के तहत मुकदमा पंजीकृत करवाया था। इस संबंध में थाना माल प्रभारी निरीक्षक शमीम खान ने तत्काल कार्यवाही शुरू कर दी थी। बीते गुरुवार को थाना माल पुलिस को सूचना मिली की एक युवक बघोलवा – रघुनाथपुर तिराहे पर मोबाइल बेच रहा है। पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंची और उक्त युवक से पूछताछ की। युवक ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसका नाम नन्हे उर्फ दिनेश रैदास पुत्र रघुवीर है जो ग्राम मड़वाना में रहता है। और बताया कि 12 व 13 सितंबर की रात्रि उसने गांव के ही सर्वेश का मोबाइल चुराया था तथा उसे बेचने का प्रयास कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना माल पर पूर्व से ही धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शमीम खान, उप निरीक्षक गोपाल शर्मा, मुख्य आरक्षी रामसजीवन सरोज, आरक्षी प्रकाश यादव शामिल रहे।
