नाका पुलिस ने मात्र 30 मिनट में ढूंढ निकाला कीमती बैग

जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)

लखनऊ। बुधवार को थाना नाका पुलिस ने अपनी फुर्ती, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट पुलिसिंग का परिचय देते हुए शिकायतकर्ता सौरभ अवस्थी का खोया हुआ बैग मात्र 30 मिनट में बरामद कर उन्हें सुपुर्द कर दिया।

सुबह लगभग 7:30 बजे सौरभ अवस्थी थाना नाका पहुंचे और एसएचओ श्रीकांत राय को बताया कि उनका बैग रास्ते में कहीं गिर गया है। पीड़ित की समस्या सुनते ही एसएचओ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक कुलदीप सिंह, सतेंद्र सैनी एवं शुभम परासर की तीन सदस्यीय टीम गठित कर तलाशी का निर्देश दिया। टीम ने तेजी दिखाते हुए इलाके की पड़ताल शुरू की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से लगभग आधे घंटे में ही बैग सकुशल बरामद कर लिया।

सौरभ अवस्थी के अनुसार वे अपने घर कृष्णानगर से डालीगंज रेलवे स्टेशन स्कूटी से ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। रास्ते में बैग गिर जाने के बाद उन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन बैग न मिलने पर सहायता के लिए थाने पहुंचे।

बरामद बैग में ₹15,000 नकद तथा करीब ₹10 लाख मूल्य की ज्वेलरी सुरक्षित मिली।

अपना कीमती सामान वापस पाकर सौरभ अवस्थी एवं उनकी पत्नी ने नाका पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *