हथियार के बल पर लूट करने वाला एक गिरफ्तार

हथियार के बल पर लूट करने वाला एक गिरफ्तार

सन्तोष कुमार यादव

गुड़गांव:- हथियार के बल पर लग्जरी गाड़ी रुकवाकर चालक को बंधक बनाकर लूट करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने चार महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने में सेक्टर-40 अपराध शाखा को सफलता मिली है। आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ के रहने वाले विकास उर्फ विक्की के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में पता लगा है कि उसके खिलाफ लूट, मारपीट, चोरी, अपहरण, अवैध हथियार रखने सहित अन्य अपराधों के 5 केस राजस्थान में, लूट करने के संबंध में 1 केस महेंद्रगढ़ में, चोरी, शस्त्र अधिनियम, लूट, लूट/डकैती की योजना बनाने के संबंध में 4 केस गुरुग्राम में तथा 2 केस जिला दादरी में दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 2 सोने की बालियां, 4 पाजेब, 2 सोने की चेन व 5 सोने की अंगूठियां बरामद की हैं।

आपको बता दें कि 8 जुलाई 2023 को एक व्यक्ति ने सेक्टर-40 थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि बदमाशों ने हथियार के बल पर अपहरण कर लूट की थी। आरोपियों ने एटीएम कार्ड के जरिए उसके बैंक खाते से रुपए भी ट्रांसफर कराए थे। इस मामले में सेक्टर-40 थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *