ऑपरेशन आक्रमण 7 बदमाशों व अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक्शन, 1355 टीमों ने की रेड, 490 FIR दर्ज, 683 आरोपी दबोचे

ऑपरेशन आक्रमण 7 बदमाशों व अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक्शन, 1355 टीमों ने की रेड, 490 FIR दर्ज, 683 आरोपी दबोचे

सन्तोष कुमार यादव

गुरुग्राम:- हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज के दिशा -निर्देशानुसार हरियाणा पुलिस द्वारा 14 जनवरी को प्रदेश में बदमाशों, आपराधिक तत्वों व नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए ऑपरेशन आक्रमण – 7 चलाया गया। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में 6582 पुलिसकर्मियों की 1355 टीमों द्वारा एक साथ की गई रेड के दौरान आईपीसी, एनडीपीएस, एक्साइज और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत 490 मुकदमें दर्ज करके 683 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री शत्रुजीत कपूर ने बताया कि पुलिस द्वारा अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी सहित राज्य में आपराधिक गतिविधियों पर सटीक जानकारी एकत्र की जा रही है। एसपी व डीसीपी के नेतृत्व में 6582 पुलिस जवानों की 1355 टीमों ने अपराध और अपराधियों पर 14 जनवरी अलसुबह से ही रेड शुरू कर दी जोकि देर सांय तक चली। अलग-2 स्थानों पर एक साथ रेड करते हुए अपराधियों को निशाना बनाने के बहुत ही बेहतर परिणाम सामने आए। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा आर्म्स एक्ट के तहत 22 एफआईआर दर्ज की गई। प्रदेश में 9 पिस्टल, 2 रिवाल्वर , 9 देसी कट्टा, 5 कंट्री मेड पिस्टल और 31 कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में 7 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसी प्रकार, 03 किलो 504 ग्राम गांजा, 18.75 ग्राम हेरोइन, 20 ग्राम स्मैक, 705 ग्राम चरस बरामद किए गए। इसके साथ ही 600 प्रतिबंधित नशीली गोलियां/कैप्सूल/इंजेक्शन, भी बरामद किए गए। इस मामले में प्रदेश भर में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

👉उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान टीमों ने कुख्यात अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 10 इनामी बदमाश, 1 अति वांछित बदमाशों को काबू किया। साथ ही, पुलिस द्वारा 1 साईबर अपराधी, 53 उद्घोषित अपराधियों और 66 बेल जंपर्स को पकड़ने में भी कामयाबी हासिल की। पकडे़ गए ये बदमाश कई मामलों में वांछित थे और गिरफतारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। इसके अतिरिक्त, विशेष अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में शामिल 118 अन्य आरोपियों को भी काबू कर उनके कब्जे से 1 मोबाइल फोन, 18 वाहन आदि बरामद किए गए।

👉विशेष अभियान के दौरान पुलिस 155 बोतल अंग्रेजी शराब, 3780 बोतल देसी शराब, 126 बोतल बीयर, 298 लीटर अवैध शराब, 970 वैध शराब और 1282 लीटर लाहन जब्त कर शराब तस्करों पर नकेल कसने में कामयाब रही। जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 280254 रुपये की नकदी भी बरामद की। इस अभियान के दौरान लेन ड्राइविंग नियमों की उल्लंघना करने वाले 242 वाहनों के चालान भी किए गए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश से अपराध और आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन आक्रमण के तहत प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस विभाग द्वारा यह सांतवा अभियान चलाया गया ताकि प्रदेश की जनता को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *