फार्म हॉउस के मालिक की पीटने से हत्या, दो गिरफ्तार।
बालियावास के एक गार्डन में पार्टी करने आए स्टूडेंट्स द्वारा की गई मारपीट से फार्म हॉउस के मालिक की मौत।

संवाददाता – सन्तोष कुमार यादव
गुड़गांव :- गुडगांव डीएलएफ फेस-1 थाना क्षेत्र के गांव बालियावास के एक गार्डन में पार्टी करने आए स्टूडेंट्स द्वारा की गई मारपीट से फार्म हॉउस के मालिक की मौत हो गई। विवाद गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि स्टूडेंट्स ने फार्म हाऊस के मालिक व कर्मचारियों को जमकर लाठी-डंडा से पीटा। जिसमें घायल फार्म हाऊस के मालिक की ईलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में फार्म हाऊस के दूसरे पार्टनर ने केस दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपी स्टूडेंट्स को गिरफ्तार भी कर लिया। इसके अलावा क्राइम ब्रांच सिकंदरपुर व थाना डीएलएफ फेस-1 की पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। डीएलएफ फेस-1 थाना पुलिस को गत शनिवार की रात को बालियावास गांव स्थित ओएसिस गार्डन में झगड़े के संबंध में सूचना मिली। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस जहां घायलों को एडमिट कराया गया था, वहां भी पूछताछ करने पहुंची। वहीं इस संबंध में पुलिस को ओएसिस फार्म के पार्टनर मालिक ने झगड़े को लेकर शिकायत दी। इसके बाद रविवार को झगड़े में घायल फार्म हाऊस के पार्टनर मालिक प्रवीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच सिकंदरपुर व डीएलएफ फेस-1 थाना पुलिस की टीमें जुट गई। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी बंधवाड़ी के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान आशीष (19 वर्ष) व सचिन (20 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि युवकों से उनकी कार पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद वह अपने साथियों को लेकर फार्म हाउस पर पहुंचे और उन हमला कर बेरहमी से पीटा। इस दौरान जब बीच बचाव में कर्मचारी और फार्म हाउस का मालिक प्रवीण आए तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा था। जिसमें फार्म हाउस मालिक की मौत हो गई है। जबकि घायल छात्र और कर्मचारी अस्पताल में भर्ती हैं जिनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
