नशीला पदार्थ खिलाकर जेवरात छीनने वाले युवक युवती चढ़े पुलिस के हत्थे

जीत नारायण

लखनऊ:- सहायक पुलिस आयुक्त गोमतीनगर वीरेन्द्र विक्रम के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक थाना गोमती नगर दिनेश चन्द्र मिश्र के निर्देशन में थाना गोमती नगर पुलिस टीम ने जहरखुरानी की घटना करने वाले अमित कुमार व अंकिता खटेरिया को गांधी सेतु पुल के नीचे निकट अम्बेडकर चौराहा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।

आपको बता दें 26 जनवरी 2023 को आशीष कुमार श्रीवास्तव पुत्र दिनेश कुमार श्रीवास्तव पता मेनार्क सिटी डिप्टी खेड़ा थाना पारा लखनऊ ने गोमतीनगर थाने पर तहरीर दी थी कि, उनके मित्र हरी मोहन त्रिपाठी के साथ 25 जनवरी 2023 को फन रिपब्लिक मॉल गोमतीनगर लखनऊ में जहर खुरानी की वारदात करके किसी महिला द्वारा उसके हाथ से चार सोने की अंगूठी, एक सोने की चैन व दो मोबाइल ले लिया गया है। इस संबंध में गोमतीनगर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया। जिसकी विवेचना उप निरीक्षक मंदीप सिंह कर रहे थे, तथा पुलिस को इसी तरीके की एक अन्य घटना 27 मार्च 2023 को फन माल में होने की सूचना प्राप्त हुई। जिसमें एक महिला द्वारा नागेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति को कोई नशीला पदार्थ खिलाकर उसके गले की चैन, सोने का कड़ा व दो अंगूठी ले लिया गया। इस संबंध में 18 अप्रैल 2023 को थाने पर तहरीर प्राप्त हुई। जिसके आधार पर फन माल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। संदिग्ध महिला अंकिता खटेरिया उम्र करीब 25 वर्ष पुत्री महेंद्र प्रताप सिंह पता ग्राम चरवा हरईपुर थाना टठिया जनपद कन्नौज व अमित कुमार पुत्र रामस्वरूप हाल पता ग्राम पचदेवरा अजीत मल थाना अजीत मल जनपद औरेया मूल पता माटी टोला कोतवाली इटावा जनपद इटावा जिनको बीते बुधवार को गांधी सेतु पुल के नीचे निकट अम्बेडकर चौराहा से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की गई तो दोनों ने अपराध को स्वीकार किया तथा बताया कि अंकिता द्वारा फेसबुक पर प्रतिदिन अलग अलग लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जाती थी। इसी क्रम में उसकी मुलाकात हरिमोहन त्रिपाठी व नागेंद्र सिंह के साथ हुई जिनको फन माल में बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाकर घटना को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपियों के पास से एक पीली धातु की चैन, 3 अंगूठी पीली धातु, मोबाइल, नगद 5700 रुपए बरामद हुए। दोनों आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही कर जेल भेजा गया है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना गोमतीनगर के उ०नि० मन्दीप सिंह, सीमा यादव, कांस्टेबल अजय कुमार व डीसीपी पूर्वी की क्राइम टीम के कांस्टेबल रिन्कू कुमार, हितेश सिंह, विशाल कुमार, मनोज कुमार सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *