मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं मुख्यमंत्री ने।
दामोदर उपाध्याय ब्यूरो चीफ गोरखपुर।
गोरखपुर:- महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को आगामी मकर संक्रांति पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 14-15 जनवरी से खिचड़ी मेला प्रारम्भ होगा। लाखों श्रद्धालु बाबा गोरखनाथ को आस्था की पवित्र खिचड़ी चढ़ाएंगे। सीएम ने प्रतिकूल मौसम में भी सफल आयोजन के लिए गोरखपुर महोत्सव समिति से जुड़े लोगों को बधाई दी। कहा कि कंपकपी के बावजूद लोगों का उत्साह तनिक भी कम नहीं हुआ। गोरखपुर महोत्सव के मुख्य मंच से सीएम योगी ने 10 विभूतियों को गोरखपुर रत्न से सम्मानित किया। खेल के क्षेत्र में डेफ ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता बैडमिंटन टीम की खिलाड़ी आदित्या यादव, एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता गोविंद साहनी, एशियन वॉलीबाल चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता अतुल सिंह, टेनिस बाल क्रिकेट के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमन राज, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में डॉ अनिता अग्रवाल, विज्ञान के क्षेत्र में डॉ सीमा मिश्रा, उद्योग के क्षेत्र में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल व महिला उद्यमी संगीता पांडेय, साहित्य के क्षेत्र में कवयित्री डॉ चारुशीला सिंह तथा कला के क्षेत्र में रंगकर्मी अशोक महर्षि को गोरखपुर रत्न सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान वर्तमान और भावी पीढ़ी के लिए भी बेहतर करने का प्रोत्साहन और प्रेरणा स्वरूप है।
