02 से 08 अक्टूबर तक स्वच्छता जागरूकता अभियान में जनपद न्यायाधीश द्वारा भी किया जायेगा प्रतिभाग

जीत नारायण

लखनऊ:- मा0 जनपद न्यायधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ की अध्यक्षता में जनपद न्यायधीश कार्यकक्ष में दिनांक 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर, 2023 तक स्वच्छता जागरुकता अभियान आयोजित करने के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुयी। इस अवसर पर जनपद न्यायधीश ने जानकारी देते हुये बताया कि माननीय मुख्य न्यायमूर्ति, उच्च न्यायालय, इलाहाबाद/मुख्य संरक्षक, उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस वर्ष राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर 02 अक्टूबर, को सम्पूर्ण प्रदेश में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता अभियान के रूप में साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश दिये गये है। इस सम्बन्ध में माननीय न्यायमूर्ति सूर्य प्रकाश केसरवानी, वरिष्ठ न्यायाधीश, उच्च न्यायालय इलाहाबाद/कार्यपालक अध्यक्ष उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा स्वच्छता जागरूकता अभियान की कार्ययोजना को अनुमोदित करते हुए सम्पूर्ण उ0प्र0 में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा दिनांक 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर, 2023 तक स्वच्छता जागरुकता अभियान आयोजित करने के लिये निर्देशित किया है।
बैठक में मा0 जनपद न्यायधीश ने निर्देशित किया कि स्वच्छता जागरूकता अभियान के साप्ताहिक कार्यक्रम की अनुमोदित कार्ययोजना बनाते हुये जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जनपद में स्वच्छता जागरूकता अभियान का साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित कराया जाना सुनिश्चित करें। यह कार्यक्रम दिनांक 02 अक्टूबर से प्रारम्भ होकर दिनांक 08.अक्टूबर 2023 तक आयोजित किया जायेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के अन्तर्गत सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बड़ी संख्या में क्षेत्रीय आबादी को सम्मिलित करते हुये किया जाये। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के समस्त प्राथमिक विद्यालयों माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा महाविद्यालयों को सम्मिलित करते हुये दिनांक 02 अक्टूबर, 2023 को जनपद स्तर, तहसील स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाये, जिसमें राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में स्वच्छता जागरूकता अभियान शीर्षक के अधीन कार्यकम का प्रचार-प्रसार भी कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। समस्त विद्यालयों में निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाये। दोनों संवर्गो में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालय व छात्र को पुरस्कृत किया जाये। समस्त विद्यालयों द्वारा अपने-अपने विद्यालय की 3-3 उत्कृष्ट निबन्ध एवं चित्रकला प्रविष्टियों को दिनांक 05 अक्टूबर तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्राप्त कराया जाना सुनिश्चित करें। मा0 जनपद न्यायधीश ने इस सम्बन्ध में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्त विद्यालयों को अपने-अपने स्तर से निर्देश जारी कराया जाना सुनिश्चित करें। मा0 जनपद न्यायधीश ने निर्देशित किया कि अभियान के प्रारम्भ होने की तिथि 02 अक्टूबर, 2023 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तहसील विधिक संघ समिति द्वारा अपने-अपने कार्यालय एवं समीपवर्ती परिसर में साफ-सफाई कराया जाना सुनिश्चित करें। इस अवसर मा0 न्यायधीश ने अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि दिनांक 02 अक्टूबर से 08अक्टूबर, 2023 तक संचालित किये जाने वाले स्वच्छता जागरुकता अभियान के अन्तर्गत साफ-सफाई, फॉगिंग आदि पर अभियान चलाते हुये स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जाना सुनिश्चित किया जाये।

इस अवसर पर बैठक में जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर नगर आयुक्त, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, पुलिस विभाग सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
———————————–
*मण्डलीय जिला सूचना कार्यालय लखनऊ।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *