ड्राइवर को बैंक में जमा करने के लिए दिए थे पैसे, हुआ रफूचक्कर, सरोजनीनगर पुलिस ने पैसों समेत चालक को धर दबोचा

जीत नारायण
लखनऊ:- थाना सरोजनीनगर पर पर्व भुगरा पुत्र गुलशन कुमार भुगरा निवासी मदन मोहन मालवीय मार्ग थाना हजरतगंज जनपद लखनऊ ने लिखित तहरीर देकर बताया कि ट्रांसपोर्टनगर स्थित उनकी कम्पनी में कार्यरत ड्राइवर राहुल शुक्ला को 49 लाख 50 हजार रूपये की नगदी HDFC बैंक हजरतगंज में जमा करने के लिए दिया गया था, जोकि गाड़ी को मदन मोहन मालवीय मार्ग हजरतगंज पार्किंग में खड़ा करके भाग गया है एवं मोबाइल बन्द कर लिया है। इस संबंध में थाना सरोजनीनगर प्रभारी निरीक्षक संतोष आर्य ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत करके अपने उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्यवाही शुरू कर दी। डीसीपी दक्षिणी विनीत जैसवाल, एडीसीपी शशांक सिंह व एसीपी कृष्ण नगर विनय कुमार द्विवेदी ने फरार राहुल शुक्ला को गिरफ्तार करने के लिए थाना सरोजनीनगर व क्राइम टीम दक्षिणी जोन की संयुक्त पुलिस टीमें बनाकर रवाना किया। पुलिस टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को न्यू गुड़ौरा पुल के ऊपर शहीद पथ से गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 2 झोले बरामद किये, जिनकी चेन खोलकर पुलिस ने देखा तो उसमें 49 लाख रु० रखे हुए थे। आपको बता दें पुलिस ने आरोपी राहुल शुक्ला को जेल भेज दिया है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना सरोजनीनगर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार आर्य, उप निरीक्षक अजय कुमार बाजपेई, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार यादव एवं दक्षिणी जोन की क्राइम टीम के उप निरीक्षक सुबोध कुमार, सुमित बालियान, हेड कांस्टेबल सौरभ दीक्षित, मंजीत, बद्री विशाल तिवारी व कांस्टेबल गिरीश आदि शामिल रहे।
