प्रतियोगी परीक्षा में स्वयं के स्थान पर सॉल्वर को बैठाने वाला पुलिस के शिकंजे में।

प्रतियोगी परीक्षा में स्वयं के स्थान पर सॉल्वर को बैठाने वाला पुलिस के शिकंजे में।

जीत नारायण

लखनऊ:- मंगलवार को थाना मानकनगर पुलिस टीम ने प्रतियोगी परीक्षा में स्वयं के स्थान पर सॉल्वर को बैठाने वाले अभ्यार्थी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभ्यार्थी का नाम इन्द्रजीत पुत्र रामबिलास पासवान है तथा वह ग्राम कुसुली थाना चौरी चौरा जनपद गोरखपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। आपको बता दें मानकनगर इन्टर कॉलेज में प्रतियोगी परीक्षा के दौरान परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेन्सी द्वारा थाना मानकनगर को सूचना दी गई कि, यूपी एसएससी ग्राम विकास अधिकारी चयन परीक्षा में परीक्षा देने बैठे व्यक्ति का फेस रिकग्नेशन व फिंगर प्रिंट मूल अभ्यार्थी के फेस रिकग्नेशन व फिंगर से मिलान नहीं हो रहा है। जांच कार्रवाई में लगे समय के कारण परीक्षा पूर्ण हो गई और रिपोर्ट मिलते मिलते परीक्षा देने बैठा व्यक्ति परीक्षा केन्द्र से जा चुका था। पुलिस ने धारा 419/420/ व धारा 9,10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया।

पुलिस ने जांच के दौरान परीक्षा कक्ष की वीडियो रिकार्डिंग प्राप्त की और अवलोकन किया। पुलिस ने पाया कि परीक्षा देने बैठा व्यक्ति मूल अभ्यार्थी की उपस्थिति पत्रक पर अभ्यार्थी का प्रवेश पत्र देखकर करीब डेढ़ मिनट तक एक एक शब्द देखकर हस्ताक्षर बना रहा है, तथा उस व्यक्ति की फोटो भी प्राप्त की गई। फोटो को तिनेत्र ऐप पर सर्च किया गया, तो उस व्यक्ति का विवरण प्राप्त हुआ, और पुलिस को ज्ञात हुआ कि परीक्षा देने वाले व्यक्ति को पूर्व में भी सॉल्वर के रूप में अन्य जनपद से एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकार थाना मानकनगर पुलिस टीम ने त्रिनेत्र ऐप के जरिये घटना का खुलासा किया, तथा आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में धारा 467/468/469/120 B आईपीसी की बढोत्तरी की गयी। पुलिस ने अभ्यार्थी इन्द्रजीत को हजरतगंज सिविल अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी इन्द्रजीत से घटना के सम्बन्ध में पुलिस ने पूछताछ की, तो उसने बताया कि साहब, मैं ग्राम कुसुली थाना चौरी चौरा गोरखपुर का निवासी हूं तथा बेरोजगार हूं। मैंने वर्ष 2018 में ग्राम विकास अधिकारी का फॉर्म भरा था, जिसकी परीक्षा वर्ष 2019 में हुई थी जो बाद में रद्द हो गई थी, तथा पुनः परीक्षा 26/06/2023 को हुई थी। मेरा परीक्षा केन्द्र मानकनगर रेलवे इन्टर कॉलेज में था, मैंने परीक्षा पास करने हेतु सॉल्वर को अपनी जगह परीक्षा देने भेजा था। इस काम के लिये सॉल्वर ने चार लाख रुपये मांगे थे। परीक्षा में बैठने के लिये मैंने 50,000 रुपये नगद भुगतान कर दिया था। तब सॉल्वर ने 26/06/2023 को मानकनगर रेलवे इन्टर कॉलेज में मेरे स्थान पर ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा दी थी। सॉल्वर से मेरी मुलाकात वर्ष 2021 में प्रयागराज में हुई थी। पुलिस ने आरोपी इन्द्रजीत को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह, उप निरीक्षक नरेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक अरविन्द कुमार, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *