कुआ पूजन समारोह में फायरिंग को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारी
कुआ पूजन समारोह में फायरिंग को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारी

सन्तोष कुमार यादव
गुडग़ांव:- खेडक़ीदौला एरिया के गांव नवादा में कुआ पूजन कार्यक्रम में हवाई फायरिंग को लेकर हुए विवाद में परचून की दुकान पर बैठे तीन युवकों पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। हमले में एक युवक को दो गोली लगी, जबकि बाकी युवक बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नवादा के दीपक ने कहा कि उसका खुद का कारोबार है। बीती 15 जनवरी को उसके दोस्त अंकित ने अपने बेटे के जन्म का कुआ पूजन समारोह गांव के सरस्वती वाटिका में किया था। जिसमें गांव नवादा का बलराम अपनी रिवाल्वर से हवा में फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान गांव के गौरव उर्फ मुंशी के साथ कहासुनी हो गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मामले को शांत करा दिया। वहीं कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात करीब 12.30 पर दीपक अपने दोस्त अनूप व गौरव के साथ गांव के ही सुनील की दुकान पर बैठकर हुक्का पी रहा था।
इसी दौरान काले रंग की कार में गांव का बलराम उसका दोस्त अभिषेक, रजनीश और रजत आए। बलराम ने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक गोली दीपक के पेट और जांघ में जाकर लगी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गया। बलराम के साथ आए दोस्तों ने दीपक और अनूप पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ईंट से अनूप पर भी हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। गांव के ही सुनील और गौरव बीच-बचाव करवाने आए तो आरोपी अपनी कार छोडक़र मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में दीपक और अनूप को अस्पताल में भर्ती करवाया गया,जहां पर उनका इलाज चल रहा है। मामले में जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
