शामली में अंडर-19 ट्रायल मैच: सहारनपुर ‘बी’ ने सहारनपुर ‘ए’ को 47 रनों से हराया
:युवराज और युवी रोहिला की दमदार बल्लेबाजी, वंशपाल-सचिन सैनी की गेंदबाजी ने दिलाई जीत
शामली
शामली क्रिकेट अकैडमी में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 ट्रायल मैचों का रोमांच जारी है। बुधवार को खेले गए मुकाबले में सहारनपुर ‘बी’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सहारनपुर ‘ए’ को 47 रनों से मात दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सहारनपुर ‘बी’ की टीम ने निर्धारित ओवरों में 289 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से युवराज ने 75 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि युवी रोहिला ने 50 रनों का योगदान दिया। सहारनपुर ‘ए’ की ओर से आयन ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारनपुर ‘ए’ की टीम 242 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए निकुम सैनी ने 47 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। सहारनपुर ‘बी’ की ओर से वंशपाल और सचिन सैनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी और सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव लतीफ उर रहमान मौजूद रहे। वहीं, उत्तर प्रदेश जूनियर चयन समिति के चेयरमैन कमलकांत कनौजिया को इस प्रतियोगिता का मुख्य ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है, जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर बनाए हुए हैं।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देशानुसार आयोजित इस ट्रायल प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका नीरज चौधरी और दीपक सैनी निभा रहे हैं, जबकि स्कोरर के रूप में प्रणव दास जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। यह ट्रायल मैच चार दिनों तक आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान शामली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट कोऑर्डिनेटर विनय कुमार, अकैडमी चेयरमैन जवाहर तोमर, हरेंद्र तोमर, नगेन्द्र खैवाल, रोकी देशवाल, विजय तोमर, विक्रांत, आदिल, आज़म, रवि, फरमान, पंकज चौधरी, मुकुल देशवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
