भिक्षावृत्ति मुक्त अभियान के तहत टेढ़ी पुलिया के नीचे से हटाई गई अस्थाई बसावट।

जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ )

 

लखनऊ। जनपद को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के उद्देश्य से भिक्षावृत्ति मुक्त लखनऊ अभियान विगत दो वर्षों से निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, नगर निगम एवं डूडा के कार्मिकों को सम्मिलित करते हुए शहर के प्रमुख 19 चौराहों पर निगरानी हेतु 7 टास्क फोर्स का गठन किया गया है।

उक्त टास्क फोर्स को निर्धारित चौराहों पर ड्यूटी लगाई गई है, जिनके द्वारा प्रतिदिन शहर में भिक्षावृत्ति के उद्देश्य से आने वाले महिला, पुरुष एवं बच्चों को भिक्षावृत्ति करने से रोका जाता है तथा उन्हें समझाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने एवं स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 31.01.2026 को जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा ए.सी.एम.-7 के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग की टीम द्वारा थाना गुडंबा के पुलिसकर्मियों एवं नगर निगम के कार्मिकों के सहयोग से टेढ़ी पुलिया पुल के नीचे अस्थायी रूप से बसावट कर रह रहे व्यक्तियों को समझाकर वहां से हटाया गया तथा पुल के नीचे के स्थान को खाली कराया गया।

इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि उक्त व्यक्ति आसपास के क्षेत्रों में जाकर भिक्षावृत्ति का कार्य न करें। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि भविष्य में जनपद लखनऊ को पूर्ण रूप से भिक्षावृत्ति मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *