कैमरा बंद कर अधिक दाम पर शराब बेचने का आरोप, आबकारी विभाग ने की छापेमारी
कैमरा बंद कर अधिक दाम पर शराब बेचने का आरोप, आबकारी विभाग ने की छापेमारी
इंस्पेक्टर से कहासुनी के बाद दुकान में ताला लगाकर जाने का प्रयास, दुकान मालिक ने जताई अनभिज्ञता
रिपोर्टर राहुल शर्मा
शिकारपुर, महाराजगंज। शिकारपुर-दरौली रोड स्थित सरकारी देसी शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे दुकान का कैमरा बंद हो गया था। इसके बाद 9 अक्टूबर की सुबह आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि कैमरा बंद रहने के दौरान मुनीम द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर शराब बेची जा रही थी। शिकायत के मुताबिक, ₹55 की शराब ₹65 में और ₹60 की शराब ₹70 में बेचे जाने की बात सामने आई थी।
मौके पर पहुंचे आबकारी इंस्पेक्टर के साथ मुनीम की कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुनीम दुकान में ताला लगाकर वहां से जाने का प्रयास करने लगा।
बताया जा रहा है कि आबकारी इंस्पेक्टर ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी सरकारी देसी शराब की दुकान के मालिक को दी। इस संबंध में दुकान मालिक से बातचीत की गई तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि मुनीम द्वारा आबकारी इंस्पेक्टर से कहासुनी किए जाने की जानकारी मिली है, लेकिन शराब अधिक दाम पर बेचे जाने की उन्हें जानकारी नहीं थी।
अब आबकारी विभाग की जांच और कार्रवाई पर निगाहें
इस पूरे मामले में अब देखना होगा कि आबकारी विभाग निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर शराब बेचने के आरोप, कैमरा बंद होने के मामले और सरकारी कार्य के दौरान हुई कथित कहासुनी को लेकर क्या कार्रवाई करता है।
