ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था चरमराई

सुरेंद्र कुमार द्विवेदी
मऊरानीपुर तहसील के ग्राम पंचायत देवरीघाट में तैनात सफाई कर्मचारी का स्थानांतरण दूसरे गांव हो जाने से ग्राम तथा स्कूलों की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों ने पुराने सफाई कर्मचारी को फिर से गांव में तैनात किए जाने की मांग की है। मऊरानीपुर विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत देवरीघाट के प्रधान बलराम अहिरवार ने बताया कि गांव में तैनात सफाई कर्मचारी का स्थानांतरण हो जाने से गांव खाली हो गया है। जिससे ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था चरमरा जाने से गलियां एवं नालियां गंदगी से भर जाने से जगह जगह नापदानों का पानी रुकने से गंदगी और बढ़ गई है साथ में गंदगी फैलने से मच्छर पनप रहे है जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। पूर्व प्रधान इंद्रजीत सिंह राना का कहना है कि पंचायत में सफाई कर्मचारी तैनात नही होने से ग्राम के तीन परिषदीय विद्यालयों के अलावा पुलिस चौकी की सफाई व्यवस्था ठप्प पड़ गई है। जिससे देवरीघाट के ग्रामीणों ने पूर्व में तैनात रहे सफाई कर्मचारी को फिर से पंचायत में तैनात किए जाने की मांग की है।
