मिशन शिक्षण संवाद में शिक्षकों को किया गया सम्मानित

अनुज श्रोत्रिय
बेसिक शिक्षा विभाग एवं मिशन शिक्षण संवाद अलीगढ़ द्वारा नेशनल हैवीवेट सेंटर अलीगढ़ में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी, जिसमें वहाँ के जिलाधिकारी, बी एस ए, ब्लाॅक अध्यक्ष, प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्षों ने भाग लिया। यह कार्यशाला स्कूलों में बच्चों द्वारा निपुण लक्ष्य को प्राप्त करने एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आयोजित की गयी। इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और उत्तराखण्ड से पधारे दो सौ साठ शिक्षकों ने प्रतिभाग किया, जिनमें सभी जिलों की मिशन शिक्षण संवाद की टीमों में से दो-दो अध्यापकों ने अपनी-अपनी शिक्षण कार्य और स्कूली क्रियाकलापों की प्रस्तुति मंच पर दी।
मिशन शिक्षण संवाद झाँसी से पाँच उत्कृष्ट शिक्षकों श्रीमती मनुजा द्विवेदी, हेमलता दोहरे, रीना, मनीष पाठक एवं शिक्षामित्र जुगल किशोर त्रिपाठी प्रा० वि० बम्हौरी, मऊरानीपुर (झाँसी) उ०प्र० का चयन किया गया। इनकी शानदार प्रस्तुति के बाद बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप कुमार और बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह एवं मिशन संस्थापक विमल कुमार द्वारा इन्हें शाॅल, शील और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यशाला में जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा बेसिक शिक्षा राज्यमन्त्री संदीप सिंह द्वारा सभी को संबोधित किया गया और शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और बच्चों को निरन्तर आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न माध्यमों जैसे- गतिविधियों, खेल-कूद, योग, पी०टी०, प्रार्थना-सभा, बालसभा, जन्मोत्सव दिवस मनाने, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति बढ़ाने और अभिभावक सम्पर्क द्वारा प्रयास करने पर बल दिया।
