कस्टमर अधिकारी बनकर ठगी करने के मामले में महिला आरोपी काबू

संतोष कुमार यादव
गुडग़ांव:- क्रेडिट कार्ड कस्टमर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाली आरोपी महिला को साईबर क्राईम वेस्ट थाना पुलिस ने काबू कर लिया है। आरोपित महिला ने सिटी बैंक क्रेडिट कार्ड कस्टमर अधिकारी के नाम पर एक फर्जी नंबर ले रखा था। जब कोई व्यक्ति गूगल पर क्रेडिट कार्ड कस्टमर अधिकारी का नंबर सर्च करता तो उसका नम्बर दिखाई देता और पीडि़त से ठगी की जाती। पुलिस ने महिला से सिम बरामद कर कार्रवाई शुरु कर दी है।
दरअसल, साईबर क्राईम वेस्ट थाना पुलिस को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि सिटी बैंक क्रेडिट कार्ड का कस्टमर अधिकारी बनकर उसके बैंक खाता से 4 लाख 79 हजार रुपए की ठगी की गई है। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी। मामले में एसीपी साईबर वेस्ट विपिन अहलावत की अगुवाई में साईबर क्राईम वेस्ट थाना के इंस्पेक्टर बच्चू सिंह की टीम ने वारदात को अंजाम देने में शामिल एक महिला को पालम विहार, गुरुग्राम से काबू कर लिया। जिसकी पहचान गुजरात के बालसढ़ निवासी अवनी आशीष कुमार पटेल के रूप में हुई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित महिला ने अपने साथी के साथ सिटी बैंक के्रडिट कार्ड कस्टमर अधिकारी के नाम पर एक फर्जी नंबर ले रखा था। जब कोई व्यक्ति गूगल पर क्रेडिट कार्ड कस्टमर अधिकारी का नंबर सर्च करता तो उसका नम्बर दिखाई देता। जब वह व्यक्ति कस्टमर अधिकारी से सहायता पाने के लिए कॉल करता है तो ये उसको कस्टमर अधिकारी बनकर उसकी समस्या का समाधान करने के नाम पर उसके मोबाईल फोन में एनि डेस्क एप्लीकेशन को डाउनलोड करवाकर उसके फोन का एक्सेस प्राप्त कर लेते हैं। इसके बाद उसके साथ ठगी की जाती। उन्होंने पीडि़त से की गई 4.79 लाख रुपये की ठगी की रकम से 1 लाख 50 हजार रुपए की कीमत का अमेजॉन से ऑनलाईन गोल्ड खरीदा था और उस खरीदे हुए गोल्ड को इसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बेच दिया था। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
