अमर उजाला का पत्रकार बताकर करवा रहा था अवैध खनन, छापेमारी के दौरान मौके से ट्रैक्टर ट्राली हुई बरामद, मुकदमा हुआ दर्ज

जीत नारायण
बाराबंकी:- कस्बा टिकैतनगर में तथाकथित पत्रकार ही अवैध खनन का सरगना बन बैठा। अपने आप को प्रसिद्ध समाचार पत्र का पत्रकार बता कर पत्रकारिता की आड़ में सफेद बालू व पीली मिट्टी का अवैध खनन से बीते कई सालों से मोटी कमाई कर अपनी तिजोरी भर रहे थे। धीरे धीरे अवैध खनन कर उसका हौसला इतना बुलन्द हो गया कि दिनदहाड़े ही रैपर मशीन की सहायता से खोदकर दर्जन भर ट्रैक्टर ट्राली लगाकर अवैध खनन कर रहा था। बीते कई दिनों से इसकी शिकायत तहसील प्रशासन को मिल रही थी। तहसील प्रशासन व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात छापेमारी कर कुल नौ ट्रैक्टर ट्राली सहित खनन करने वाली रैपर मशीन को जप्त कर टिकैतनगर पुलिस के हवाले कर दिया है। जिला खनन अधिकारी की तहरीर पर उक्त प्रकरण में ट्रैक्टर मय ट्राली व तथाकथित पत्रकार सहित 18 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रशासन की अवैध खनन के विरुद्ध कार्यवाही से खनन माफियाओं मे हड़कंप मच गया है।
आपको बता दें कि कोतवाली टिकैतनगर अंतर्गत ग्राम डेरेराजा में बीते कई दिनों से मशीन की सहायता से करीब दर्जन भर ट्रैक्टर ट्राली लगाकर अवैध खनन कर कस्बा इचौली स्थित एक तालाब की अवैध रूप से पटाई का काम किया जा रहा था। जिसकी सूचना सीओ रामसनेहीघाट हर्षित चौहान को व एसडीएम सिरौली गौसपुर विश्व मित्र सिंह को बीते कई दिनों से मिल रही थी। बुधवार देर रात एसडीएम के आदेश पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर ग्राम डेरेराजा से अवैध खनन कर मिट्टी लादकर आ रही नौ ट्रैक्टर मय ट्राली को पकड़ा। जिसमें कुछ ट्रैक्टर ट्राली गाँवो में इधर उधर छिप भी गई थी प्रशासन ने अथक प्रयास कर सभी को अपने कब्जे में ले लिया। ततपश्चात टीम ने ग्राम डेरेराजा से खनन कर रही मशीन को पकड़ा। खनन की जांच के उपरांत दोष सही पाए जाने पर अवैध खनन में संलिप्त प्रेमा देवी पत्नी विशंभर निवासी ग्राम डेरे राजा, शिवनारायण पुत्र शालिगराम, सुमन सिंह पत्नी अमरकेश सिंह, सरला शुक्ला पत्नी रामजस शुक्ला निवासी मोहल्ला धधवारा कस्बा टिकैतनगर, रहमान पुत्र हाफिजुरहमान, जितेंद्र सिंह पुत्र हरिश्चंद्र, मोहम्मद सादिक पुत्र मोहम्मद राशिद, तथाकथित पत्रकार पंकज शुक्ला पुत्र रामजस शुक्ला निवासी मोहल्ला धधवारा कस्बा टिकैतनगर, बाबा बृजेश निवासी ग्राम लोनियनपुरवा थाना दरियाबाद,सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। लेखपाल की जांच में फर्जी पत्रकारिता की आड़ में चल रहे अवैध खनन की भी पुष्टि हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तथाकथित पत्रकार पंकज शुक्ला अपने को अमर उजाला अखबार का पत्रकार बताकर अधिकारियों से रौब झाड़ते थे और खुद को अमर उजाला अखबार का स्थानीय पत्रकार बताते थे। उक्त मामले में जिला खनन अधिकारी शैलेन्द्र मौर्या की तहरीर पर तथाकथित पत्रकार महोदय सहित कुल 18 लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से कोतवाली टिकैतनगर क्षेत्र में उपरोक्त नामचीन अखबार का अवैध खनन माफिया पर संरक्षण होने की बात कहकर इन दिनों लोगों के बीच तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
