संसद में हुई घटना का गुडग़ांव कनेक्शन-दंपत्ति को दिल्ली पुलिस ने लिया हिरासत में।

संसद में हुई घटना का गुडग़ांव कनेक्शन-दंपत्ति को दिल्ली पुलिस ने लिया हिरासत में।

सन्तोष कुमार यादव

गुड़गांव:- संसद में हुई सुरक्षा चूक मामले में गुडग़ांव से कनेक्शन सामने आ रहा है। मामले में दिल्ली पुलिस ने गुडग़ांव के सेक्टर-7 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाले एक दंपत्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि संसद में स्प्रे से धुआं करने वाले आरोपी व उनके साथी सेक्टर-7 एक्सटेंशन के हाउसिंग बोर्ड के एक घर में रुके थे। यहीं पर ही संसद में हडक़ंप मचाने की योजना बनाई गई थी। इस राज से पर्दा उठाने के लिए न केवल दिल्ली और गुडग़ांव पुलिस बल्कि नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी भी जुट गई है।

दरअसल, संसद की कार्यवाही के दौरान कुछ दर्शकों ने शोर मचा दिया था। जिसके बाद दो दर्शन बैंच से आगे कूद गए और बेरोजगारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलर स्मॉग करने लगे। यह लोग स्पीकर तक पहुंच गए थे। जिन्हें सांसदों ने काबू कर लिया और संसद से बाहर कर दिया। इनके दो साथी बाहर थे, वहां भी कलर स्मॉग का इस्तेमाल किया गया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने सभी को काबू कर लिया। इसके बाद की गई पूछताछ में सामने आया कि यह चारों युवक गुडग़ांव के सेक्टर-7 एक्सटेंशन के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में विशाल उर्फ विक्की शर्मा के घर पर रुके थे। एक रात इनके घर बिताने के बाद यह आज सुबह ही दिल्ली गए थे।

दंपत्ति को लिया हिरासत में

संसद में हुई इस घटना के बाद जब गुडग़ांव से कनेक्शन मिला तो दिल्ली पुलिस गुडग़ांव के विशाल शर्मा उर्फ विक्की शर्मा के घर पहुंच गई और विक्की व उसकी पत्नी राखी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। इस दौरान उनकी बेटी भी मौजूद रही। सूत्रों की मानें तो दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर और महिला पुलिस अधिकारी उनकी बेटी से भी पूछताछ कर रहे हैं।

गुडग़ांव पुलिस व खूफिया तंत्र सक्रिय

घटना के बाद से ही गुडग़ांव पुलिस व खूफिया तंत्र इस पूरे क्षेत्र में सक्रिय हो गया और पूछताछ शुरू कर दी। लेकिन दंपत्ति को हिरासत में लिए जाने की स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं कर रहे। पुलिस अधिकारियों की मानें तो अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है। दिल्ली पुलिस व कई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूछताछ की जा रही है। उन्हें भी सूचना मिली है कि दिल्ली पुलिस ने दंपत्ति को हिरासत में लिया है और दंपत्ति की बेटी से भी पूछताछ की जा रही है।

22 साल पहले 13 दिसम्बर को हुआ था संसद पर हमला

आपको बता दें कि 22 साल पहले पुरानी संसद में 13 दिसम्बर के दिन ही आतंकी हमला हुआ था। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आंतकियों को ढेर कर दिया था। वहीं, पिछले दिनों खालिस्तान की मांग करने वाले गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी 13 दिसंबर के दिन ही संसद में हलचल मचाने की धमकी दी थी। ऐसे में इस घटना ने पन्नू की धमकी को हकीकत में बदल दिया। जिसने संसद की सुरक्षा पर ही सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस के साथ-साथ गुडग़ांव पुलिस भी अलर्ट मोड पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *