नकली करेंसी छाप कर मार्केट में चलाने वाले अंर्तराज्यीय गिरोह का हुआ पर्दाफाश, 5 धरे गये

जीत नारायण
लखनऊ:- राजधानी लखनऊ में थाना मड़ियांव पुलिस का सराहनीय कार्य सामने आया है। नकली करेंसी को छाप कर असली के रूप में मार्केट में चलाने वाले अंर्तराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3,20,800 रुपए की नकली करेंसी, अर्ध निर्मित नकली करेंसी, 8 मोबाइल फोन, नकली करेंसी बनाने का उपकरण समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
आपको बता दे बीते सोमवार को थाना मड़ियांव की पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि घैला पुल के पहले एक HONDA AMAZE गाड़ी खड़ी है, जिसका नम्बर UP32 NJ 2573 है। उक्त गाड़ी पर दो व्यक्ति बैठे हैं, जिनके पास नकली करेन्सी नोट है और किसी व्यक्ति का इन्तजार कर रहे हैं। इस सूचना पर बताए गए स्थान पर पुलिस जा पहुंची और देखा कि घैला पुल के पहले सड़क के किनारे पीपल पेड़ के पास तीन व्यक्ति व एक कार खड़ी है, जिनकी गतिविधियाँ पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। पुलिस टीम जब उक्त व्यक्तियों के पास पहुंची तो तीनों व्यक्ति पुलिस को देखकर अचंभित हो गए और घैला पुल की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने भागने वाले तीनों व्यक्तियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गये व्यक्तियों का नाम पता पूछते हुए नियमानुसार उनकी तलाशी ली तो एक ने अपना नाम विकास दुबे जिला प्रतापगढ़ हाल पता गायत्री नगर थाना मड़ियांव जनपद लखनऊ, दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम विकास सिंह निवासी नरायनपुर थाना इंटौजा जनपद लखनऊ व तीसरे व्यक्ति ने अपना नाम विकास भारद्वाज निवासी ग्राम खेड़ा खुर्द थाना भोड़गढ़ इन्ड्रस्ट्ररियल एरिया जिला अलीपुर नई दिल्ली बताया। पकड़े गये व्यक्तियों से पुलिस ने अन्य पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि मेरे अन्य साथी रवि प्रकाश पाण्डेय उर्फ अविनाश पाण्डेय व उत्कर्ष द्विवेदी पार्क ब्यूइन होटल विराजखण्ड विभूतिखण्ड लखनऊ में मौजूद हैं, वहीं पर हम लोग मिलकर नकली करेन्सी तैयार करते हैं, नकली करेन्सी तैयार करने वाले सभी उपकरण वहीं पर रखे हैं जो हम लोग चलकर दिखा सकते हैं। पकड़े गये तीनों व्यक्तियों को पुलिस अपने साथ लेकर पार्क ब्यूइन होटल पहुंची। पुलिस ब्यूइन होटल पहुंचकर बाकी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी पांचो आरोपियों को जेल भेज दिया है।
