मलिहाबाद की बेटी बनी उप निरीक्षक, परिजनों व ग्रामीणों में खुशी का माहौल।

अभिषेक कुमार

मलिहाबाद। ग्राम थावर निवासी मंजू गौतम जिनके पिता नरेश गौतम एक किसान व माता शिवपति आशा बहू हैं, जिन्होंने लक्ष्य कंपटीशन कोचिंग मलिहाबाद में अपनी तैयारी कर उप निरीक्षक का पद हासिल कर अपने माता पिता व अपने गांव का नाम रोशन किया है। मंजू के माता-पिता का सपना था कि, मेरे बच्चें पढ़ लिखकर आगे बढ़े और हमारा नाम रोशन करें। मंजू गौतम का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के उप निरीक्षक के पद पर हुआ है। मंजू के माता-पिता ने मंजू को बड़ी ही मेहनत करके पढ़ाया और अब मंजू ने एसआई जैसी पोस्ट पर सेलेक्शन लेकर अपने माता-पिता व अपने गुरुजनों के साथ-साथ अपनी कोचिंग संस्थान का मान बढ़ाया है। लक्ष्य कंपटीशन कोचिंग के संचालक मनोज कुमार मौर्या ने मलिहाबाद क्षेत्र की इस बेटी को यूपी एसआई भर्ती में चयन होने पर मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी तथा उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं इसी तरह क्षेत्र के सभी विद्यार्थी मेहनत करें व आगे बढ़ते रहें और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करें। जिससे मलिहाबाद क्षेत्र के हर विद्यार्थी को आगे बढ़ने का मनोबल प्राप्त होता रहे। उन्होंने कहा कि मैं कोचिंग संस्थान के समस्त शिक्षक बंधुओं का आभार व्यक्त करता हूं। आपको बता दें मंजू के गांव में खुशी का माहौल है, मंजू का उप निरीक्षक पद पर चयन होने से उनके पिता का सपना साकार हुआ है। मंजू कुल तीन बहनें व एक भाई हैं, जिनमें से भाई सचिन कुमार सबसे बड़ा है वह भी सरकारी परीक्षा की तैयारी कर रहा है, सचिन से छोटी मंजू दूसरे नंबर पर है, तीसरे नंबर पर प्रियांशी जो आदर्श सत्येन्द्र महाविद्यालय से स्नातक कर रही है व मंजू की सबसे छोटी बहन शिवानी श्री महेश सिंह सरस्वती इंटर कॉलेज लतीफपुर, माल से इंटर की पढ़ाई कर रही है।

मंजू ने बताया कि उन्होंने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा अपने गांव के ही एक स्कूल से प्राप्त की तथा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई श्री महेश सिंह सरस्वती इंटर कॉलेज लतीफपुर, माल से प्राप्त की। इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त करने के बाद मंजू ने ब्राइट कैरियर गर्ल्स डिग्री कॉलेज, ठाकुरगंज में अपना एडमिशन ले लिया तथा वहां से स्नातक (B.Sc Mathematics) की पढ़ाई पूरी की। स्नातक करने के बाद अक्टूबर 2019 में मलिहाबाद की लक्ष्य कंपटीशन कोचिंग ज्वाइन की। वहां के प्रबंध निदेशक एवं अध्यापकों से प्रेरित होकर तथा अपने प्रयासों व कड़ी मेहनत से सफलता प्राप्त की। मंजू का चयन उप निरीक्षक के पद पर होने से उनके माता-पिता खुशी के आंसू नहीं रोक पा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों में खुशी का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *