हत्या कर फांसी पर लटकाने वाले तीन अभियुक्त चढ़े पुलिस के हत्थे।
हत्या कर फांसी पर लटकाने वाले तीन अभियुक्त चढ़े पुलिस के हत्थे।

अभिषेक कुमार की रिपोर्ट:-
लखनऊ (मलिहाबाद):- तीन दिन पहले दहेज लोभियों ने नवविवाहिता की हत्या कर फांसी पर लटका दिया था। हत्या के मुख्य आरोपी उसके पति, सास व ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
आपको बता दें कि 13 दिसम्बर को सुबह लगभग 10 बजे जनपद उन्नाव के थाना हसनगंज क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम हाजीपुर तरेक्षा निवासी सुपारीलाल की पुत्री उमा उम्र लगभग 19 वर्ष ने जनपद लखनऊ के थाना मलिहाबाद क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम रहमत नगर निवासी अजय कुमार के साथ 22 नवंबर को प्रेम विवाह किया था। उमा व अजय कुमार ने अपने परिजनों के विरुद्ध जाकर विवाह किया था, इस शादी की वजह से अजय कुमार के परिजन बिल्कुल भी खुश नहीं थे।
बीते मंगलवार को सुबह लगभग 10 बजे उमा के पिता को ग्राम प्रधान के द्वारा सूचना मिली कि उसकी पुत्री का शव अजय कुमार के घर में दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका हुआ है। यह सुनते ही उमा के मायके में चीख पुकार मच गई, आनन फानन में उमा के पिता अपने परिजनों के साथ अजय कुमार के घर पहुंचे। मृतका के पिता सुपारीलाल की तहरीर पर मलिहाबाद पुलिस ने पति अजय कुमार, ससुर रामनरेश, सास रामलली, ननद पूजा के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न सहित दहेज हत्या का अभियोग पंजीकृत किया था। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी अजय कुमार, रामनरेश व रामलली कहीं जाने की फिराक में है। नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक जफर अब्बास, महिला उपनिरीक्षक मनीषा पाठक, सिपाही बचकन यादव, जितेन्द्र यादव व महिला सिपाही प्रियंका सिंह ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को महमूद नगर से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इस घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, और उमा की ननद अभी फरार चल रही है।
