चोरी के मुकदमे में फरार चल रहा अभियुक्त पुलिस के शिकंजे में।

चोरी के मुकदमे में फरार चल रहा अभियुक्त पुलिस के शिकंजे में।

अभिषेक कुमार की रिपोर्ट।

माल:- माल थाने की पुलिस ने चोरी के मुकदमे में फरार चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से एक झोले में 4 साड़ी व नगद 1570 रूपए बरामद हुए हैं। अभियुक्त ने सैदापुर चौराहे पर स्थित कपड़े व किराना की दुकानों में शटर तोड़कर सामान चोरी कर लिया था।

आपको बता दें ग्राम शंकरपुर निवासी राजेश पुत्र यदुनाथ ने सैदापुर चौराहे पर स्थित दुकान का शटर काटकर सामान चोरी करने के सम्बन्ध में 22 जनवरी 2023 को माल थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें चोरी में शामिल ग्राम कठवारा निवासी मोनू उम्र 25 वर्ष पुत्र स्व० सुन्दर व दूसरा अभियुक्त ग्राम मंझी निकरोजपुर निवासी बच्चूलाल पुत्र गोपी को 24 जनवरी 2023 को माल पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। चोरी में शामिल एक अन्य अभियुक्त की पुलिस तलाश कर रही थी, तथा अभियुक्त कई दिनों से फरार चल रहा था। 22 फरवरी 2023 को थाना प्रभारी शमीम खान व उपनिरीक्षक गोपाल शर्मा फोर्स के साथ सैदापुर चौराहे पर गश्त कर रहे थे तभी थाना प्रभारी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि 21 व 22 जनवरी 2023 की रात में सैदापुर चौराहे पर कपड़े व किराने की दुकानों में शटर तोड़कर चोरी करने वाला एक व्यक्ति ग्राम पिपरी से ग्राम बदैंया जाने वाली रोड पर नहर पुलिया के पास चोरी का कुछ सामान लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है, तभी थाना प्रभारी शमीम खान आनन फानन में फोर्स के साथ पिपरी से बदैंया जाने वाली रोड की तरफ चल दिये और जैसे ही पिपरी गांव के बाहर बदैंया जाने वाली सड़क पर नहर पुलिया से पहले पहुंचे तो मुखबिर ने अभियुक्त की तरफ इशारा करके बताया जोकि हाथ में झोला लिये हुए खड़ा था। जैसे ही अभियुक्त ने पुलिस को आते देखा वैसे ही उसने अपने कदमों को तेज कर दिया और भागने का प्रयास करने लगा। तभी पुलिस ने उसे घेरकर नहर पुलिया से करीब 40-50 कदम की दूरी पर बदैंया रोड पर पकड़ लिया। जब पुलिस ने उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम रमेश उम्र 55 वर्ष पुत्र स्व० सुन्दर रावत निवासी ग्राम कठवारा थाना बीकेटी बताया। पुलिस के मुताबिक उसकी जामातलाशी से एक झोले में 4 साड़ियां व 1570 रुपए नगद बरामद हुए। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि यह साड़ियाँ सैदापुर मार्केट में बनी दुकानों से शटर काटकर चोरी की है, व थाना दुबग्गा क्षेत्र में इनवर्टर चोरी करके बेंच दिया था जिससे उसके हिस्से के 1570 रुपए मिले थे। अभियुक्त पर लखनऊ व सीतापुर जिलों के थानों में अलग-अलग धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं जिसमें से अधिकतर मुकदमें लखनऊ के थानों में दर्ज हैं। थाना प्रभारी शमीम खान ने बताया है कि अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शमीम खान, उपनिरीक्षक गोपाल शर्मा, आरक्षी प्रकाश, शेख सलीम, जीत नारायण व आरक्षी नाहर सिंह थाना मलिहाबाद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *