“ऑपरेशन दहन” के तहत शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

34 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के 3590 किलो अवैध मादक पदार्थ किए गए नष्ट

उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत जनपद शामली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों से बरामद नशीले पदार्थों का विधिक प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण कराया।

शनिवार को पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई संपन्न हुई।

पुलिस विभाग के अनुसार, माननीय न्यायालय एवं सक्षम विभागाध्यक्ष से अनुमति प्राप्त होने के बाद विभिन्न अभियोगों से संबंधित कुल लगभग 3590.179 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट कराया गया। इन मादक पदार्थों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 34 करोड़ 15 लाख रुपये बताई गई है।

मेरठ स्थित प्लांट में कराया गया विनष्टीकरण

अवैध मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया सुभारती मेडिकल कॉलेज स्थित “सिरी वेस्टीज” प्लांट में नियमानुसार पूरी कराई गई।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर शामली जितेन्द्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक डीसीआरबी राजेन्द्र गिरि, प्लांट मैनेजर प्रेम शर्मा सहित जनपद के विभिन्न थानों से पहुंचे हेड मोहर्रिर मौजूद रहे।

नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी

शामली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी, सहारनपुर–मेरठ

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *