डीएम आलोक यादव का जिला अस्पताल पर सख्त निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
मरीजों से सीधे संवाद कर ली सुविधाओं की जानकारी, एक्सपायरी दवाइयों के निस्तारण और साफ-सफाई पर जोर
शामली। जिलाधिकारी श्री आलोक यादव ने मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण खिड़की, मेडिसिन व डिस्पेंसरी स्टोर, सभी ओपीडी, सीटी स्कैन, इमरजेंसी, अल्ट्रासाउंड, निर्माणाधीन ऑपरेशन थिएटर, महिला व पुरुष वार्ड तथा पैथोलॉजी लैब का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मेडिसिन स्टोर और डिस्पेंसरी कक्ष में चेकलिस्ट के आधार पर दवाइयों की उपलब्धता की बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की एक्सपायरी दवा मिलने पर उसका निस्तारण निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों से सीधे बातचीत कर ओपीडी सेवाओं की स्थिति जानी। उन्होंने पूछा कि अल्ट्रासाउंड या एक्स-रे के लिए किसी प्रकार की अवैध धनराशि की मांग तो नहीं की जाती। इस पर मरीजों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें समय पर उपचार मिल रहा है और किसी प्रकार की धनराशि की मांग नहीं की जाती।
सीटी स्कैन विभाग में तैनात स्टाफ को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। वहीं निर्माणाधीन ओटी का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने को कहा गया।
पैथोलॉजी लैब में सैंपल लेने की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने, भीड़ को लाइन में नियंत्रित करने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम अस्पताल का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल का संचालन निर्धारित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुरूप ही किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार, सीएमएस डॉ. किशोर आहूजा सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
✍️ अजीत कुमार श्रीवास्तव
मंडल प्रभारी सहारनपुर/मेरठ
📞9456889665
