राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए शामली में प्रचार वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी
09 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, दो लाख से अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य
शामली। आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष इंदरप्रीत सिंह जोश ने कैराना में जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को त्वरित, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्रचार वाहनों के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को लोक अदालत के महत्व, इसके लाभ तथा लंबित मामलों के आपसी सुलह-समझौते से निस्तारण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 09 मई 2026 को द्वितीय शनिवार के अवसर पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में जनपद भर में दो लाख से अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लोक अदालत में वाहन चालान, बिजली चोरी, बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, दीवानी वाद एवं राजस्व संबंधी समझौता योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा।
जनपद न्यायाधीश ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिनके मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे लोक अदालत में पहुंचकर आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कराएं और त्वरित न्याय का लाभ उठाएं। यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान ब्रिजेश कुमार शर्मा, नवीन कुमार सिंह, अशोक भारतेन्दु, सुरेन्द्र कुमार राय, ऋतु नागर, अक्षयदीप यादव, बार एसोसिएशन कैराना अध्यक्ष ईशपाल सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
अजीत कुमार श्रीवास्तव
मंडल प्रभारी सहारनपुर/मेरठ
📞 9456889665
