वन मंत्री ने समीक्षा के दौरान सभी अधिकारियों को दिए निर्देश।

 

 

जीत नारायण ब्यूरो।

लखनऊः- समस्त अधिकारी/कर्मचारी पूर्ण निष्ठा से कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करें। वन निगम के सेवानिवृत्ति कर्मचारियों के देय लाभों को समय से उपलब्ध कराएं। यह बातें पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)/अध्यक्ष वन निगम अरुण कुमार सक्सेना ने कही। सक्सेना ने उत्तर प्रदेश वन निगम के कार्यालय में वन निगम के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा के दौरान वन मंत्री ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी/कर्मचारी ईमानदारी एवं निष्ठा से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। विभाग में स्टॉफ की कमी है तो नई भर्ती प्रक्रिया पर नियमानुसार कार्रवाई कराना सुनिश्चित करें। सक्सेना ने कहा कि विभाग में स्टॉफ की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जो कर्मचारी सेवानिवृत्ति हो गए हैं, उन्हें दिए लाभों को समय से उपलब्ध कराएं तथा जो कर्मचारी प्रमोशन की श्रेणी में आ रहे हैं, उनके प्रमोशन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें। वन मंत्री द्वारा वन निगम में प्रकाष्ठ, तेंदूपत्ता एवं लघु वन उपज के उत्पादन तथा बिक्री एवं वन प्रमाणीकरण आदि कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान वन मंत्री ने निर्देश दिए कि इस वर्ष उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य समय से पूर्ण कर लिया जाएं तथा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं रेलमार्गों में आने वाले एवं विकास कार्यों में बाधक वृक्षों का पातन प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण किया जाए। उन्होंने प्रकाष्ठ की बिक्री में वृद्धि सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। सक्सेना ने कहा कि ईकोटूरिज्म क्षेत्र में पर्यटकों को सुविधा हेतु अमानगढ, सोहगीबरवा, राजदरी एवं देवदरी क्षेत्र को इस पर्यटन सत्र से सफारी हेतु खोला जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को वन निगम को अधिक से अधिक लाभ अर्जन के निर्देश दिए।

बैठक में प्रबंध निदेशक सुधीर कुमार शर्मा, अपर प्रबंध निदेशक/महाप्रबंधक (उत्पादन) बी0 प्रभाकर, महाप्रबंधक (उद्योग) ईवा शर्मा, महाप्रबंधक (विपणन/तेंदूपत्ता) राजकुमार, महाप्रबंधक (कार्मिक) सुजॉय बनर्जी एवं वी0सी0 के माध्यम से समस्त क्षेत्रीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *