शहर में अवैध रूप से चल रही डेरियों को हटाने का चलाया अभियान।


प्रीती कश्यप।
लखनऊ:- नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह के निर्देशानुसार थाना मानक नगर जोन -5 के अंतर्गत केसरी खेड़ा, रेलवे कॉलोनी आदि क्षेत्रों में अवैध डेरी हटाने का अभियान पुलिस बल, प्रवर्तन दल तथा कैटल कैचिंग कर्मचारियों के सहयोग से पशु कल्याण अधिकारी डॉ.अभिनव वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया जिसमे मौके पर कुल 09 गाय को पकड़कर नगर निगम द्वारा संचालित आलमनगर कांजी हाउस में निरुद्ध किया गया। उक्त अभियान के अतिरिक्त 18 आवारा विचरण करने वाले पशुओं को भी पकड़ा गया, जिन्हे कान्हा उपवन में निरुद्ध किया गया। कुछ पशुपालको द्वारा सर्वाजनिक स्थलों तथा पार्क में पशुओ को रखकर डेरी व्यवसाय किया जा रहा था जो की अनुमन्य नहीं है। उक्त क्षेत्रों से निरंतर गंदगी फैलाने और गोबर नाली में बहाने की शिकायत निरंतर प्राप्त हो रही थी तथा कई जनसूचना अधिकार तथा IGRS के तहत कार्यवाही भी लंबित थी और चेतावनी तथा नोटिस देने के बाद भी डेरी संचालकों द्वारा डेरी नहीं हटाई गयी थी। उच्च न्यायलय के आदेशानुसार नगर निगम आवासीय क्षेत्रों में डेरी व्यवसाय की अनुमति नहीं है। नगर निगम लखनऊ द्वारा अधिकतम दो गाय लाइसेंस के साथ पालने की अनुमति है। नगर निगम अधिनियम 1959 के अनुसार भैंस को अपदूषण कारक पशु माना गया है। अतः नगर निगम लखनऊ द्वारा भैंस पालने की अनुमति नहीं दी जाती है।
