खोखरी नदी संरक्षण अभियान तेज: ड्रोन सर्वे के बाद विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
खोखरी नदी संरक्षण को नई रफ्तार: ड्रोन सर्वे से तैयार होगी एक्शन प्लान, विभागवार जिम्मेदारियां तय
शामली। जनपद में नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में प्रशासन ने एक अहम पहल करते हुए खोखरी नदी का ड्रोन सर्वे कराया है। जिलाधिकारी आलोक यादव के निर्देश पर कराए गए इस सर्वे का उद्देश्य नदी की वर्तमान स्थिति का सटीक आकलन कर अतिक्रमण, प्रदूषण स्रोतों और जल प्रवाह से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पहचान करना है।
ड्रोन सर्वे का कार्य सहायक अभियंता (लघु सिंचाई) राहुल कुमार और सूचना अधिकारी दीपक कुमार के माध्यम से संपन्न कराया गया। सर्वे के दौरान नदी किनारे स्थित सभी ग्राम पंचायतों के सचिवों और ग्राम प्रधानों को प्रशासन की ओर से सहयोग के निर्देश दिए गए थे, जिसके चलते पूरा अभियान व्यवस्थित रूप से पूरा हुआ।
इस पहल के तहत 30 अप्रैल 2026 को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में शासनादेशों के अनुरूप विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्रोन सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जल्द ही ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे खोखरी नदी को स्वच्छ, अविरल और निर्मल बनाए रखने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। इस दौरान जिला गंगा समिति और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अजीत कुमार श्रीवास्तव, मंडल प्रभारी सहारनपुर/मेरठ 📞 9456889665
