बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं संग की शांति समिति बैठक

खुले में कुर्बानी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर सख्त रोक, सोशल मीडिया निगरानी के निर्देश

शामली। आगामी 27 मई 2026 को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला मजिस्ट्रेट शामली आलोक यादव की अध्यक्षता में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्योहार के दौरान जिम्मेदारी के साथ बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में डीपीआरओ को विशेष रूप से साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को हीट वेव के संबंध में एडवाइजरी जारी करने तथा त्योहार के दौरान अस्पतालों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में कोई नई परंपरा शुरू नहीं होनी चाहिए और सभी कार्यक्रम पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित किए जाएं।

निर्बाध बिजली-पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं द्वारा रखे गए सुझावों को सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

खुले में कुर्बानी नहीं, अवशेषों का उचित निस्तारण जरूरी

बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने धर्मगुरुओं से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। खुले में कुर्बानी न हो तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी बिल्कुल न की जाए। इसके अलावा कुर्बानी के बाद पशुओं के अवशेष खुले में न डालकर गड्ढा खोदकर उनका उचित निस्तारण किया जाए।

इस संबंध में नगर क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में डीपीआरओ को विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील

पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी धर्मगुरुओं से शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी तत्काल सूचना प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर पूर्व से ही सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह, एडिशनल एसपी सुमित शुक्ला, पीडी डीआरडीए प्रेमचंद, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, समस्त एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एवं जिम्मेदार लोग उपस्थित रहे।

अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी, सहारनपुर-मेरठ मंडल

📞 9456889665

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *