टीकाकरण के नाम पर साइबर ठगी से रहें सावधान : एसपी शामली

गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के परिवारों को बनाया जा रहा निशाना, स्वास्थ्य विभाग को जारी किए निर्देश

अजीत कुमार श्रीवास्तव

मंडल प्रभारी, सहारनपुर/ मेरठ मंडल 

शामली। जनपद में गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों के टीकाकरण के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी जनपद शामली को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि साइबर ठग स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी बनकर लोगों से बैंक खाते, ओटीपी, आधार संख्या व अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर आर्थिक धोखाधड़ी कर रहे हैं।

सरकारी योजनाओं के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक

पुलिस अधीक्षक द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि साइबर पुलिस पोर्टल 1930 पर लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें ठग प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा मिशन इंद्रधनुष जैसे सरकारी टीकाकरण अभियानों के नाम पर फोन कॉल, मैसेज और फर्जी लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

बताया गया कि कई मामलों में साइबर अपराधी आशा कार्यकर्ताओं का नाम लेकर गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के परिजनों से संपर्क करते हैं और सरकारी योजना का लाभ दिलाने के बहाने लिंक भेजकर बैंक खातों से रकम निकाल लेते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहा भय और भ्रम

इस प्रकार की घटनाओं से विशेषकर ग्रामीण एवं अशिक्षित परिवारों में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुलिस प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग से समन्वय बनाकर जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता जताई है, ताकि आमजन साइबर ठगी से बच सकें।

स्वास्थ्य विभाग को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजे गए पत्र में निम्न बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है—

स्वास्थ्य केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता संबंधी सूचना जारी की जाए।

आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के माध्यम से लोगों को साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क किया जाए।

साइबर ठगी करने वालों के विरुद्ध संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कठोर कार्रवाई की जाए।

आमजन को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि स्वास्थ्य विभाग कभी भी फोन पर बैंक विवरण या ओटीपी नहीं मांगता है।

पुलिस ने जारी की अपील

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। यदि कोई व्यक्ति सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर बैंक संबंधी जानकारी मांगता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *