जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम विशाख जी ने की समीक्षा, सितंबर में कार्मिकों की तैनाती पूरी करने के निर्देश

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम विशाख जी ने की समीक्षा, सितंबर में कार्मिकों की तैनाती पूरी करने के निर्देश
जीत नारायण
लखनऊ, 01 सितंबर 2026 जिलाधिकारी श्री विशाख जी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य के लिए कार्मिकों की उपलब्धता एवं तैनाती, प्रशिक्षण, चार्ज निर्धारण, मानचित्रों के सत्यापन तथा एचएलबी/ईवी के पुनर्गठन सहित विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी जनगणना के लिए सितंबर माह में सभी आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता एवं तैनाती सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने गणनाकर्मियों, पर्यवेक्षकों एवं फील्ड ट्रेनरों की सूची समय से तैयार करने तथा प्रशिक्षण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिक जनसंख्या वाले एचएलबी को भौगोलिक निरंतरता को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार विभाजित कर उप-गणना ब्लॉक बनाए जाएं, ताकि गणनाकर्मियों पर कार्यभार संतुलित रहे। चार्ज एवं पर्यवेक्षण क्षेत्र के निर्धारण में मानचित्रों का मिलान करने के साथ ही स्थलीय सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि किसी एक कर्मचारी की विभिन्न चार्जों में दोहराई गई ड्यूटी न लगाई जाए। यथासंभव कर्मचारियों की तैनाती उनके निवास स्थान अथवा कार्यस्थल के अनुरूप की जाए, जिससे जनगणना कार्य का प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने पिछली जनगणना में जिन विभागों से कार्मिक उपलब्ध कराने अथवा कार्यमुक्ति के संबंध में समस्याएं सामने आई थीं, ऐसे विभागों को चिन्हित कर समय से पत्राचार करने और आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कार्य से कार्यमुक्ति अथवा छूट के प्रकरणों की कड़ाई से समीक्षा करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिना उचित कारण किसी भी कार्मिक को जनगणना कार्य से मुक्त न किया जाए। उपलब्ध कार्मिकों के आंकड़ों का वर्ष 2024 के सामान्य निर्वाचन से संबंधित आंकड़ों से मिलान करते हुए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में चार्ज रजिस्टर की प्रगति, अभिलेखों के प्रेषण एवं प्राप्ति तथा लंबित भुगतान से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनगणना-2027 से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने तथा एक समान अभिलेख के आधार पर सूचनाओं को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना उप निदेशक डॉ. गौरव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
