Uncategorized

भांजे की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, मामा गिरफ्तार

 

भांजे की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, मामा गिरफ्तार

जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की उत्तरी जोन पुलिस ने थाना इटौंजा क्षेत्र में हुई युवक की हत्या की सनसनीखेज वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक स्ट्रेप (पट्टी) भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को इंद्रपुरी कॉलोनी, मड़ियांव निवासी राम शंकर सिंह ने थाना इटौंजा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके 22 वर्षीय पुत्र सचिन सिंह को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई है।

शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर स्वाट/सर्विलांस टीम एवं थाना इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 जून को ग्राम अकबरपुर निवासी बृजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ ब्रजेश सिंह (26) को महोना नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक सचिन सिंह रिश्ते में उसका भांजा लगता था और दोनों परिवारों के बीच नजदीकी संबंध थे। आरोपी के अनुसार मृतक उसकी बहन के प्रति गलत नीयत रखता था, जिसको लेकर वह पहले भी कई बार उसे समझा चुका था। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 1 जून को सचिन को बहाने से अपने गांव अकबरपुर ले गया। वहां उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में प्लास्टिक स्ट्रेप से गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को केले के खेत में फेंक दिया ताकि घटना छिपी रहे।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक स्ट्रेप बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *