चेन स्नैचिंग के आरोपी को पकड़ने वाले यातायात आरक्षी को महिला ने बांधी राखी

चेन स्नैचिंग के आरोपी को पकड़ने वाले यातायात आरक्षी को महिला ने बांधी राखी
जीत नारायण
लखनऊ। मड़ियांव ढाल पर चेन स्नैचिंग कर भाग रहे आरोपी को पकड़ने के दौरान यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। आरोपी ने बचने के लिए उनके चेहरे पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उनकी नाक पर चोट आई और दो टांके लगे। घायल होने के बावजूद आरक्षी ने आरोपी को नहीं छोड़ा और मड़ियांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
आरक्षी के साहस की सराहना करते हुए पुलिस आयुक्त ने उन्हें ₹10 हजार नकद पुरस्कार व प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा की है। साथ ही कमेंडेशन डिस्क के लिए उनका नाम प्रस्तावित किया गया है।
वहीं, रक्षाबंधन के अवसर पर सीतापुर निवासी पीड़ित महिला ने नवीन चौधरी को राखी बांधकर भाई का सम्मान दिया और उनके साहस एवं तत्परता के लिए आभार जताया। महिला ने कहा कि आरक्षी की बहादुरी से उन्हें न्याय और सुरक्षा का भरोसा मिला।
