बमडेरा के पिपरी गांव में निकला तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

रोहित जयसवाल ब्यूरो चीफ क्राइम
गोण्डा:- बमडेरा गांव में तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्कूल के गेट में ताला बंद करके छात्रों को घर वापस भेज दिया गया है। ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर निगरानी कर रहे हैं। डीएफओ ने वन विभाग की टीम गांव में भेजी है।
बमडेरा के पिपरी गांव निवासी विंद प्रकाश यादव ने बताया कि मंगलवार की शाम वह खेत में फसल देखने जा रहे थे। रास्ते में रमेश यादव के खेत में उन्होंने तेंदुआ देखा तो वीडियो बना लिया। विंद्र प्रकाश ने बताया कि उन्होंने घर आकर गांववालों को वीडियो दिखाया। पूरी रात ग्रामीण रतजगा करते रहे। बुधवार को उन्होंने तेंदुआ निकलने की जानकारी पूर्व प्रधान अजय कुमार पांडेय को दी। पूर्व प्रधान ने गांव के ही भट्टाचार्य पुरवा में स्थित प्राथमिक विद्यालय में जाकर तेंदुआ निकलने की जानकारी दी।
प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि एहतियात के तौर पर स्कूल के गेट का ताला बंद करा दिया गया है। अभिभावकों को बुलाकर छात्रों को वापस घर भेज दिया गया है। वहीं स्कूल के आसपास धान के खेतों में तेंदुआ के पदचिन्ह देखे गए हैं। ग्रमीण लाठी-डंडा लेकर निगरानी कर रहे हैं।
