केंद्रीय राज्य मंत्री के सुपुत्र विकास किशोर के आवास पर 30 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या।
केंद्रीय राज्य मंत्री के सुपुत्र विकास किशोर के आवास पर 30 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या।

अभिषेक कुमार विशेष संवाददाता
लखनऊ:- थाना ठाकुरगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेगरिया ढाल पर केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के सुपुत्र विकास किशोर के आवास पर विनय श्रीवास्तव नामक 30 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक विनय श्रीवास्तव के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा दिया है और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के भाई ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि उसका भाई केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के सुपुत्र विकास किशोर के आवास पर रहता था। उसने बताया कि उसका भाई अधिकतर विकास किशोर के साथ ही रहता था और साथ ही क्षेत्र में आना जाना भी रहता था व रोजाना घर देरी से आता था। मृतक के भाई के मुताबिक जिस वक्त हत्या हुई उस वक्त वहां पर तीन लोग मौजूद थे जिनका नाम अजय रावत, शमीम बाबा व अंकित वर्मा है। मृतक के भाई को शक है कि जिस वक्त वह तीन लोग मौजूद थे, उस वक्त उसके भाई से झड़प हुई है और झड़प के चलते ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जिस गोली से हत्या की गई है वह गोली विकास किशोर की है। बताया कि जिसकी पिस्टल होती है वह खुद पिस्टल के साथ मौजूद होता है, मगर मैं यह नहीं बता सकता कि विकास किशोर वहां मौजूद थे या नहीं।
केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने बताया कि जब मुझे इस मामले की जानकारी हुई तब मैंने पुलिस आयुक्त लखनऊ को फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया मामला जांच का विषय है, मैं पीड़ितों के साथ हमेशा खड़ा हूं, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी राहुल राज ने बताया कि गोली मारकर हत्या होने की जानकारी प्राप्त हुई है, मृतक के सर पे चोट का निशान है। रात में मृतक के घर पे कुछ लोग आए थे और खाना खाया था। जिसके बाद ही गोली चलने की घटना हुई है। पिस्टल भी मिली है जो कि विकास किशोर की बताई जा रही है। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम लगा दी गई और जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
