News

पेट्रोल पंप के पास आबादी के बीच रजाई-गद्दे के गोदाम में लगी भीषण आग।

पेट्रोल पंप के पास आबादी के बीच रजाई-गद्दे के गोदाम में लगी भीषण आग।

सन्तोष कुमार यादव

गुड़गांव: – बसई रोड स्थित रवि नगर में शुक्रवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया जब रजाई-गद्दे के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम के बाहर बैठे लोगों ने जब शॉर्ट सर्किट के बाद आग की लपटे उठती देखी तो उन्होंने दमकल विभाग को फोन किया और अपने स्तर पर ही आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन लपटे उंची होने के कारण सभी पीछे हट गए।

सूचना मिलते ही भीम नगर और सेक्टर-37 से दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया जिसने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जिस स्थान पर यह घटना हुई उससे करीब 50 मीटर दूरी पर ही पेट्रोल पंप है। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। दरअसल, एक व्यक्ति ने रवि नगर में एक गोदाम किराए पर लिया हुआ है। इसमें वह गर्मी के मौसम में कूलर बेचने का काम करता है जबकि सर्दी के मौसम में उसने इसे रजाई-गद्दे का गोदाम बनाया हुआ है। शुक्रवार शाम को वह अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ गोदाम के बाहर बैठे हुए थे कि अचानक गोदाम में बिजली का शॉर्ट सर्किट हुआ। अभी वह कुछ समझ पाते कि अचानक गोदाम में आग लग गई और लपटें उंची-उंची उठने लगी। हालात यह थे कि आग की लपटों और यहां से उठते हुए धुएं को दूर से ही देखा जा सकता था। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

इस घटना के कारण बसई रोड पर वाहनों को रोक दिया गया जिसके कारण जाम लग गया। हालांकि जल्द ही आग पर काबू पाने के बाद दमकल अधिकारियों ने रोड को खोल दिया जिसके बाद यातायात सुचारू हो गया। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों और गोदाम मालिक ने उन्हें शॉर्ट सर्किट होने के कारण ही आग लगना कारण बताया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है, लेकिन गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *