News

महिला से चेन लूट का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

महिला से चेन लूट का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

 

जीत नारायण (ब्यूरो लखनऊ)

लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 10.960 ग्राम पीली धातु की चेन के दोनों टुकड़े शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की शाम करीब 5:10 बजे श्रीराम नगर, मुन्नूखेड़ा निवासी अर्चना सिंह अपनी बेटी को ट्यूशन से लेने जा रही थीं। ऊषा हॉस्पिटल के पास एक अज्ञात युवक उनके गले से करीब 10-12 ग्राम वजन की चेन लूटकर फरार हो गया था। पीड़िता की तहरीर पर पारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह के निर्देश पर उपनिरीक्षक मुन्ना लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान अमन यादव उर्फ अजय देवगन के रूप में हुई। पुलिस ने काकोरी और आशियाना क्षेत्र में दबिश देकर अमन यादव (20) और लूटी गई चेन खरीदने वाले प्रमोद कुमार जैसल (35) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमन यादव ने बताया कि उसने कर्ज चुकाने और लालच के चलते महिला से चेन लूटी थी। घटना के बाद उसने चेन को दो टुकड़ों में तोड़कर उसका बड़ा हिस्सा प्रमोद को 15 हजार रुपये में बेच दिया, जबकि छोटा हिस्सा अपने पास रख लिया था।

पुलिस ने प्रमोद कुमार जैसल के कब्जे से 7.280 ग्राम और अमन यादव के कब्जे से 3.680 ग्राम, कुल 10.960 ग्राम लूटी गई चेन बरामद की। बरामदगी के बाद मुकदमे में लूट की धारा 309(4) बीएनएस के साथ धारा 317(2)/317(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुन्ना लाल, उपनिरीक्षक मनीष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हर्ष यादव और हेड कांस्टेबल अजय सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *